जहानाबाद। नगर सेवा में संचालित टेंपो के लिए निर्धारित स्टैंड और स्टॉप की व्यवस्था करने तथा टेंपो चालकों के लिए कलर कोड अथवा रूट जोन निर्धारित करने की मांग को लेकर मंगलवार, 25 अगस्त 2026 को बराह मंदिर, जहानाबाद में शिक्षित बेरोजगार टेंपो चालक संघ की कार्यकारिणी एवं टेंपो चालकों की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता सुधीर कुमार ने की। बैठक को संबोधित करते हुए संघ के जिला अध्यक्ष वीरेंद्र कुमार दास ने कहा कि नगर क्षेत्र में टेंपो के लिए स्टैंड एवं स्टॉप निर्धारित नहीं होने के कारण शहर में अक्सर जाम की स्थिति उत्पन्न हो जाती है। सड़क सुरक्षा समिति की बैठकों में भी टेंपो चालकों के लिए स्टैंड की व्यवस्था करने और रूट जोन निर्धारित करने की मांग लगातार उठाई जाती रही है, लेकिन प्रशासनिक स्तर पर अब तक इसे धरातल पर लागू नहीं किया गया है।उन्होंने कहा कि वर्तमान में शहर में चलने वाले टेंपो की तुलना में ग्रामीण क्षेत्रों के टेंपो की संख्या अधिक दिखाई देती है। इससे शहरी और ग्रामीण टेंपो की पहचान में भी परेशानी होती है और यातायात व्यवस्था प्रभावित होती है।

बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि शहर में संचालित टेंपो की पहचान सुनिश्चित करने के लिए संघ की ओर से टेंपो पर ‘शहरी क्षेत्र’ का बोर्ड अथवा स्टीकर लगाया जाएगा, ताकि शहरी और ग्रामीण टेंपो की आसानी से पहचान हो सके। संघ के जिला अध्यक्ष वीरेंद्र कुमार दास ने जिला प्रशासन से मांग की कि मुख्यमंत्री वाहन चालक योजना के तहत प्रत्येक टेंपो चालक का यूनिक कार्ड बनाया जाए, ताकि बिहार सरकार की ओर से चालकों के लिए लागू कल्याणकारी योजनाओं का लाभ टेंपो चालकों को मिल सके। उन्होंने शहर में रूट जोन लागू करने तथा निर्धारित स्टैंड से ही टेंपो का परिचालन सुनिश्चित कराने की भी मांग की। बैठक में विनोद कुमार सिंह, रंजीत कुमार सहित अन्य टेंपो चालक मौजूद रहे।
Jehanabad News: Demand to designate stands and stops for city service tempos as soon as possible.



















