DW Samachar – Header
BREAKING

Jehanabad News: फाइलेरिया मुक्त जहानाबाद बनाने को लेकर अभियान तेज, 10 फरवरी से सर्वजन दवा सेवन कार्यक्रम शुरू

Jehanabad News: फाइलेरिया मुक्त जहानाबाद बनाने को लेकर अभियान तेज, 10 फरवरी से सर्वजन दवा सेवन कार्यक्रम शुरू
IMG_20260206_204538

जहानाबाद। जिले को फाइलेरिया मुक्त बनाने के उद्देश्य से 10 फरवरी 2026 से सामूहिक दवा सेवन (एमडीए) अभियान शुरू किया जाएगा। इस अभियान के सफल संचालन को लेकर जिला स्वास्थ्य समिति सभागार में मीडिया सहयोगियों के लिए संवेदीकरण कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला की अध्यक्षता सिविल सर्जन डॉ. हरीशचंद्र चौधरी ने की। इस मौके पर जिला वेक्टर जनित रोग नियंत्रण पदाधिकारी डॉ. विनोद कुमार सिंह, वीबीडीसीओ दीक्षा कुमारी, डीवीडीसी निशिकांत कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
सिविल सर्जन डॉ. हरीशचंद्र चौधरी ने बताया कि 10 फरवरी से शुरू होने वाले सामूहिक दवा सेवन कार्यक्रम के तहत सभी लक्षित लाभार्थियों को फाइलेरिया रोधी दवाएं खिलाई जाएंगी। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक लोगों तक दवा पहुंचाने के लिए 11 फरवरी 2026 को मेगा एमडीए कैंप का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान विभिन्न स्थानों पर बूथ लगाकर स्वास्थ्यकर्मी लाभार्थियों को अपने सामने दवा सेवन कराएंगे। इसके अलावा प्रशिक्षित स्वास्थ्यकर्मी अगले 14 दिनों तक घर-घर जाकर छूटे हुए लोगों को दवा खिलाना सुनिश्चित करेंगे।
उन्होंने बताया कि फाइलेरिया रोधी दवाएं पूरी तरह सुरक्षित हैं और रक्तचाप, शुगर, अर्थराइटिस या अन्य सामान्य बीमारियों से पीड़ित लोग भी इन दवाओं का सेवन कर सकते हैं। सामान्य तौर पर दवा के कोई दुष्प्रभाव नहीं होते हैं, हालांकि कुछ लोगों को दवा लेने के बाद हल्की मितली या चक्कर जैसी समस्या हो सकती है, जो शरीर में मौजूद परजीवियों के खत्म होने का संकेत माना जाता है। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की परेशानी की स्थिति से निपटने के लिए हर प्रखंड में रैपिड रिस्पॉन्स टीम तैनात रहेगी।
जिला वेक्टर रोग नियंत्रण पदाधिकारी डॉ. विनोद कुमार सिंह ने बताया कि यह अभियान जिले के सभी छह प्रखंडों में चलाया जाएगा, जिसमें करीब 10 लाख 83 हजार 800 लाभार्थियों को दवा खिलाने का लक्ष्य रखा गया है। इस दौरान डीईसी और अल्बेंडाजोल दवा दी जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि दवाओं का वितरण नहीं किया जाएगा, बल्कि आशा और स्वास्थ्यकर्मी लाभार्थियों को अपने सामने ही दवा सेवन कराएंगे। दवा खाली पेट नहीं लेनी है। वहीं दो वर्ष से कम उम्र के बच्चों, गर्भवती महिलाओं और गंभीर रूप से बीमार व्यक्तियों को दवा नहीं दी जाएगी।
वीबीडीसीओ दीक्षा कुमारी ने बताया कि फाइलेरिया या हाथीपांव रोग संक्रमित मच्छर के काटने से फैलता है और यह दीर्घकालिक विकलांगता का प्रमुख कारण बन सकता है। इस रोग से शरीर के अंगों में असामान्य सूजन, हाइड्रोसील और दूधिया सफेद पेशाब जैसी समस्याएं हो सकती हैं, जिससे पीड़ित व्यक्ति को सामाजिक और आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि यदि कोई व्यक्ति लगातार पांच वर्षों तक फाइलेरिया रोधी दवा का सेवन करता है तो जीवनभर इस बीमारी से बचाव संभव है। डीवीडीसी निशिकांत कुमार ने कहा कि इस अभियान की सफलता में मीडिया की भूमिका महत्वपूर्ण है। मीडिया के माध्यम से आम लोगों तक सही जानकारी पहुंचाकर उन्हें दवा सेवन के लिए जागरूक किया जा सकता है। कार्यशाला में पीरामल स्वास्थ्य से रविरंजन, नंदिनी, विनोद सिंह, सीफार से शिकोह अलबदर, पल्लवी तथा रोगी हितधारक मंच के सदस्य सहित कई लोग उपस्थित रहे।

Jehanabad News: Campaign to make Jehanabad filariasis-free intensifies, universal drug administration program begins on February 10

Digital Women Trust
AK
Author: AK

! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !

Relates News

Advertisement

Rudra enterprises - Devanshu Deepak Jehanabad
⚡ लाइव अपडेट
खबरें लोड हो रही हैं…

लेटेस्ट न्यूज़