
-सरकार और प्रशासन ने सुरक्षा के नाम पर सेवक को लोकतंत्र के मालिक जनता से रखा दूर
-शहर में वाहनों की आवाजाही रोककर और फुटपाथी दुकानों को बंद करा दिया लालफीताशाही का परिचय
जहानाबाद: राजद प्रवक्ता डॉ शशि रंजन उर्फ पप्पू यादव ने प्रगति यात्रा पर जहानाबाद पहुंचे बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर तगड़ा हमला बोलते हुए कहा कि सरकार और जिला प्रशासन लोकतंत्र के असली मालिक आम जनता को माननीय मुख्यमंत्री से दूर रखने में सफल रहा। प्रगति यात्रा के नाम पर शहर की नाकेबंदी कर सरकार और जिला प्रशासन ने आम आवाम एवं गरीब जनता की दुर्गति कर दी। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर जनता में उत्साह के बजाय कर्फ्यू जैसा माहौल कायम करने से आम लोगों में डर व दहशत का माहौल बना रहा। उन्होंने कहा कि ऐसा करने के पीछे की मंशा यह दर्शाती है कि बिहार के मुख्यमंत्री को आम जनता की नाराजगी का काफी डर सता रहा है। प्रगति यात्रा के नाम पर पिछले कई दिनों से शहर के गरीबों की झुग्गी झोपड़ी और फुटपाथ की दुकान हटाने का सिलसिला जारी था। उनकी रोजी-रोटी को बंद कर दिया गया। मुख्यमंत्री का आगमन के नाम पर शहर में किसी भी प्रकार के वाहनों की प्रवेश की अनुमति नहीं थी। शहर में मुख्यमंत्री का आगमन कर्फ्यू जैसी स्थिति की कहानी बयां कर रह थी। रोजी-रोटी का साधन बंद रहने से गरीब गुरबा लोग सरकार और प्रशासन को पूरे दिन कोसते रहे। राजद प्रवक्ता ने कहा कि शहर की अधिकांश सड़के काफी जर्जर है लेकिन मुख्यमंत्री को दिखाने के लिए जहां-जहां मुख्यमंत्री का कार्यक्रम निर्धारित है उन सड़कों को दुरुस्त किया गया है। प्रगति यात्रा के नाम पर मुख्यमंत्री को खुश करने के लिए आम जनता की गाढ़ी कमाई का पैसा पानी की तरह बर्बाद किया गया है। उन्होंने कहा कि ऐसा पहली बार देखने को मिला है कि शहर में मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर पूरे शहर की नाकेबंदी कर दी गई। मुख्यमंत्री की कुर्सी पर लगातार कई सालों से विराजमान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को आम जनता से मिलने एवं उनकी समस्याओं को सुनने का साहस नहीं है। उन्होंने कहा की बिहार के मुख्यमंत्री कुछ लोगों से घिरे हुए हैं। उन्हें वही लेकर जाया जाता है या दिखाया जाता है, जो मुट्ठी भर लोग तय करते हैं। आम एवं आवाम की समस्या एवं परेशानी से मुख्यमंत्री को कोई मतलब नहीं है।
Author: AK
! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !












