DW Samachar – Header
ब्रेकिंग

Jehanabad News: BLO शबनम खातून कर रही हैं सराहनीय कार्य, घर-घर जाकर वोटर कार्ड अपडेट का जिम्मा संभाला

स्थानीय लोगों ने कहा – “छोटी दीदी सबके काम में कर रही हैं मदद, हर गली में उनकी मेहनत दिख रही है”

जहानाबाद, काको: घोषी विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत काको नगर पंचायत के वार्ड संख्या 13 में चुनाव आयोग द्वारा जारी मतदाता सूची सुधार कार्यक्रम को लेकर बीएलओ (BLO) शबनम खातून दिन-रात मेहनत कर रही हैं। जिले भर में चल रहे इस व्यापक अभियान के तहत वोटर कार्ड में संशोधन, सुधार एवं नामांकन कार्य किया जा रहा है। बीएलओ शबनम खातून, जिन्हें स्थानीय लोग प्यार से “छोटी दीदी” कहकर पुकारते हैं, ने बताया कि उन्हें बूथ संख्या 59 का दायित्व सौंपा गया है और वे हर घर जाकर फॉर्म बांटने और भरवाने का कार्य पूरी जिम्मेदारी से कर रही हैं।

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि BLO स्वयं उनके घर आकर फार्म देती हैं, दस्तावेजों की पूरी जानकारी समझाती हैं, और जो लोग खुद से फॉर्म नहीं भर पाते, उनका फॉर्म भी खुद भरती हैं।

एक स्थानीय निवासी ने बताया, “हम लोग तो कुछ समझ नहीं पा रहे थे, लेकिन छोटी दीदी (BLO) ने आकर हमें बताया कि कौन-कौन सा कागज लगेगा और कैसे फॉर्म भरना है। उन्होंने खुद हमारे घर पर बैठकर फॉर्म भरा और फिर बाद में जमा करने भी आईं।”

एक अन्य बुजुर्ग ने बताया कि “पहले कोई नहीं आता था, लेकिन इस बार हमारी मोहल्ले में BLO लगातार आ रही हैं, कई बार तो सुबह से शाम तक हर गली में घूमते दिखती हैं। जिनके घरों में लोग नहीं मिलते, वहां बार-बार जाती हैं।”

BLO शबनम खातून ने कहा, “मुझे यह जिम्मेदारी जिलाधिकारी के निर्देशानुसार मिली है और मेरा पूरा प्रयास है कि हर व्यक्ति तक खुद जाकर पहुंचूं, उन्हें सही जानकारी दूं और उनका फॉर्म समय से भरवा सकूं।”

उन्होंने बताया कि वे स्थानीय निवासी हैं, इसलिए मोहल्ले के लोगों से संवाद करने में उन्हें आसानी हो रही है और लोग भी सहयोग कर रहे हैं। अब तक वे आधे से अधिक घरों में फॉर्म बांट चुकी हैं और कई घरों से फॉर्म वापस भी ले चुकी हैं। उन्होंने कहा कि कुछ घर बंद मिलते हैं या कुछ लोग बाहर चले गए हैं, ऐसे में थोड़ी दिक्कतें आती हैं, लेकिन फिर भी वे पूरी ईमानदारी और निष्ठा से काम कर रही हैं।

गौरतलब है कि बिहार समेत पूरे देश में चुनाव आयोग द्वारा मतदाता सूची में सुधार के लिए दस्तावेजों के साथ फॉर्म 6, 7, 8 भरवाने का काम BLO के माध्यम से किया जा रहा है। इस बार समय कम है और काम ज्यादा, ऐसे में BLO की भूमिका बेहद अहम हो गई है।

स्थानीय निवासियों ने BLO शबनम खातून की सराहना करते हुए कहा कि यदि सभी BLO ऐसे ही जिम्मेदारी से कार्य करें, तो वोटर कार्ड की त्रुटियों को जल्द सुधारा जा सकता है।

Jehanabad News: BLO Shabnam Khatoon is doing commendable work, going door to door and taking charge of updating voter cards

AK
Author: AK

! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !

Relates News