जन्मदिन को बनाया सेवा और संस्कार का पर्व, गौमाता के आशीर्वाद के लिए किया अनोखा प्रयास।
जहानाबाद गौशाला में सोमवार को एक अनोखा और प्रेरणादायक दृश्य देखने को मिला। जहां आजकल अधिकांश लोग अपना जन्मदिन घर, स्कूल, कोचिंग, होटल या रेस्टोरेंट में मनाते हैं, वहीं शहर की एक बिटिया ने अपना जन्मदिन गौशाला में मनाकर समाज के सामने सेवा और संवेदनशीलता की मिसाल पेश की। आकृति कुमारी ने अपने जन्मदिन के अवसर पर गौशाला पहुंचकर गौमाता की सेवा की तथा अपनी पॉकेट मनी से एक पंखा भेंट किया। उन्होंने बताया कि अब तक उन्होंने अपने जन्मदिन परिवार, दोस्तों और विभिन्न स्थानों पर मनाए हैं, लेकिन इस बार उन्होंने कुछ अलग करने का निर्णय लिया। आकृति ने कहा कि उन्होंने गौशाला और यहां होने वाली सेवा गतिविधियों के बारे में काफी सुना था। लोगों द्वारा गौमाता के लिए हरी सब्जियां, चारा और अन्य आवश्यक वस्तुएं उपलब्ध कराए जाने से वह प्रभावित थीं। इसी भावना के साथ उन्होंने अपने माता-पिता से चर्चा कर जन्मदिन गौशाला में मनाने का निर्णय लिया। उन्होंने कहा कि जन्मदिन पर लोगों को कई उपहार और शुभकामनाएं मिलती हैं,

लेकिन इस बार उन्होंने सोचा कि क्यों न अपनी खुशी उन बेजुबान पशुओं के साथ साझा की जाए, जो अपनी पीड़ा किसी से व्यक्त भी नहीं कर सकते। भीषण गर्मी को देखते हुए उन्होंने गौमाता की सुविधा के लिए अपनी बचत राशि से एक पंखा दान किया, जिससे उन्हें गर्मी से कुछ राहत मिल सके। आकृति ने कहा कि गौमाता का आशीर्वाद रहा तो आने वाले वर्षों में भी वह अपने जन्मदिन पर गौशाला में सेवा कार्यों में सहयोग करती रहेंगी। उन्होंने जिलेवासियों से अपील करते हुए कहा कि जन्मदिन, वर्षगांठ अथवा अन्य खुशी के अवसरों पर एक बार गौशाला आकर गौमाता और अन्य बेजुबान पशुओं के साथ अपनी खुशियां साझा करें। गौशाला में सेवा कार्य से जुड़े चंदन कुमार ने बताया कि यहां कई लोग गोपनीय रूप से भी गौसेवा के लिए सब्जियां, चारा तथा अन्य आवश्यक सामग्री दान करते हैं। उन्होंने कहा कि समाज के लोगों का यह सहयोग गौशाला के संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने भी जिलेवासियों से अपील की कि वे अपने विशेष अवसरों पर गौशाला आकर गौमाता की सेवा करें और पुण्य लाभ प्राप्त करें। गौ सेवक संघ, जहानाबाद ने बताया कि जो भी व्यक्ति गौशाला की सेवा गतिविधियों से जुड़ना चाहते हैं, वे नीचे दिए गए नंबर पर संपर्क कर सकते हैं। संपर्क: 9508435003
Jehanabad News: Birthday celebrated in cowshed, daughter Akriti gifted a fan to mother cow.


















