जहानाबाद। शहर के मलहचक मोड़ स्थित मिश्रा फिजिक्स क्लासेस में शहीद-ए-आजम भगत सिंह की 119वीं जयंती के अवसर पर ए-वन प्रकाशन की ओर से सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में 12वीं कक्षा के 35 मेधावी विद्यार्थियों को मेडल, क्वेश्चन बैंक, गेस पेपर और मॉडल पेपर देकर सम्मानित किया गया। सम्मान मिलने पर विद्यार्थियों में उत्साह देखने को मिला।
कार्यक्रम का संचालन ए-वन प्रकाशन के जिला प्रभारी संतोष केशरी ने किया। इस दौरान प्रकाशन के मार्केटिंग हेड विशाल प्रताप सिंह और मिश्रा फिजिक्स क्लासेस के संचालक राकेश मिश्रा ने कहा कि विद्यार्थियों की मेहनत और सफलता को सम्मान मिलने से उनका आत्मविश्वास बढ़ता है। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करते हैं।
वक्ताओं ने विद्यार्थियों को परीक्षा की तैयारी के संबंध में कई महत्वपूर्ण सुझाव भी दिए। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को नियमित रूप से तीन-तीन घंटे के अध्ययन सत्र में पढ़ाई करने के साथ प्रश्नों को हल करने का अभ्यास करना चाहिए। इससे लंबे समय तक एकाग्र होकर पढ़ने और परीक्षा के दौरान निर्धारित समय में प्रश्नपत्र हल करने की क्षमता विकसित होती है। उन्होंने कहा कि केवल पढ़ाई करना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि समय प्रबंधन और लगातार लिखने का अभ्यास भी परीक्षा में सफलता के लिए महत्वपूर्ण है।
कार्यक्रम में बताया गया कि ए-वन प्रकाशन पिछले 42 वर्षों से शिक्षा के क्षेत्र में कार्य कर रहा है और विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक सामग्री उपलब्ध कराने की दिशा में काम कर रहा है। प्रकाशन के ब्रांड एंबेसडर प्रो. केसी सिन्हा और डॉ. अशोक कुमार सिंह हैं।
समारोह के अंत में अतिथियों ने सभी सम्मानित विद्यार्थियों को निरंतर मेहनत, लगन और अनुशासन के साथ आगे बढ़ने की शुभकामनाएं दीं। साथ ही विद्यार्थियों से अपने परिवार और समाज के साथ-साथ जहानाबाद जिले का नाम रोशन करने का आह्वान किया।
Jehanabad News: A-One Publications honored 35 meritorious Class 12 students.



















