जहानाबाद। जिले के मखदुमपुर प्रखंड अंतर्गत सुगांव गांव के समीप सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 80 वर्षीय वृद्ध महिला की मौत हो गई। मृतका की पहचान सुगांव निवासी राधिया देवी (80 वर्ष) के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, सोमवार सुबह करीब 11 बजे राधिया देवी घर के पास सड़क पार कर शौच के लिए जा रही थीं। इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रहे एक अज्ञात ऑटो ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक ऑटो समेत मौके से फरार हो गया। घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों की मदद से घायल महिला को तत्काल मखदुमपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें सदर अस्पताल, जहानाबाद रेफर किया गया। सदर अस्पताल में चिकित्सक डॉ. श्यामेंद्र सिन्हा ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। मामले की सूचना पुलिस और स्थानीय प्रशासन को दी गई है। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालकर फरार ऑटो और उसके चालक की पहचान की जाएगी तथा दोषी के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने लोगों से भी अपील की है कि गांव, बाजार और घनी आबादी वाले क्षेत्रों में वाहन निर्धारित गति सीमा के भीतर ही चलाएं। लापरवाहीपूर्वक या तेज गति से वाहन चलाने वालों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी, ताकि भविष्य में इस तरह की दुर्घटनाओं को रोका जा सके।
Jehanabad News: 80-year-old woman dies after being hit by an unidentified auto-rickshaw near Sugaon; driver fled the scene.


















