राजस्थान के जालौर में पानी नहीं मिलने से 5 साल की प्यासी मासूम बच्ची ने तोड़ा दम

राजस्थान के जालोर जिले में एक बेहद दर्दनाक हादशा सामने आया है, जहाँ पानी न मिलने से रेतीले धोरों में एक 5 साल की मासूम बच्ची ने प्यास से तड़प-तड़प कर दम तोड़ दिया। बच्ची के पास में उसकी नानी भी बेहोश पड़ी मिली।
इस घटना के बाद ग्रामीणों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने बुजुर्ग महिला को पानी पिलाकर स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया है। मासूम के शव का पोस्टमार्टम करके उसे परिजनों को सौंप दिया गया है। जहाँ पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी उसकी मौत का कारण पानी न मिलना बताया गया।
जानकारी के अनुसार, यह दर्दनाक घटना जालोर जिले के रानीवाड़ा क्षेत्र के रोड़ा गांव में रविवार को हुई बताई जा रही है। यहां रविवार को दोपहर में करीब 45 डिग्री की तेज धूप में पानी नहीं मिलने की वजह से मासूम बच्ची अंजली ने दम तोड़ दिया। उसकी नानी सुखी देवी बेहोशी की हालत में उसके पास पड़ी मिलीं। सुखी देवी अपनी नातिन अंजलि के साथ सिरोही के पास रायपुर से दोपहर में रानीवाड़ा क्षेत्र के डूंगरी स्थित अपने घर आ रही थीं। कोरोना काल के चलते वाहनों की आवाजाही बंद होने के कारण उन्हें कोई साधन नहीं मिला। इस पर वह अपनी पांच वर्षीय नातिन के साथ पैदल ही अपने गांव चल पड़ीं। करीब 20 से 25 किलोमीटर का सफर तय करने से दोनों बुरी तरह से थक गई थीं। जिसके बाद बिना पानी के बच्ची ने दम तोड़ दिया।



















