बिहार विधानपरिषद में हंगामा, नीतीश कुमार और राबड़ी देवी में तीखी बहस
बिहार विधानपरिषद में आज बढ़ते अपराध को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष में तीखी बहस हुई। विपक्षी सदस्यों ने सरकार पर हमला बोलते हुए सदन में जोरदार हंगामा किया और वेल में पहुंचकर नारेबाजी शुरू कर दी। सत्ता पक्ष ने भी लालू-राबड़ी शासनकाल को लेकर राजद पर पलटवार किया। इसी बीच मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने खड़े होकर विपक्ष को आड़े हाथों लिया और राबड़ी देवी पर तीखा हमला बोला।
नीतीश कुमार ने किया विपक्ष पर तीखा हमला
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सदन में विपक्ष को शांत कराने की कोशिश की और कहा कि किसी की हत्या हुई है तो जांच जरूर होगी। उन्होंने राजद सदस्यों को जवाब देते हुए कहा,
“इनके पति की सरकार थी, फिर इन्हें (राबड़ी देवी) बिठा दिया गया। क्या इन लोगों ने कोई काम किया है? सब काम हमलोगों ने किया है। आपलोग सिर्फ बोलकर प्रचार चाहते हैं, लेकिन आज तक कोई काम नहीं किया।”
उन्होंने यह भी कहा कि पहले बिहार में हिंदू-मुस्लिम विवाद ज्यादा होता था, लेकिन उनकी सरकार ने शांति कायम की।
राबड़ी देवी और अशोक चौधरी के बीच बहस
राबड़ी देवी ने सत्ता पक्ष पर पलटवार करते हुए कहा, “आज अशोक चौधरी फिरौती लेते हैं। पहले कांग्रेस को लूटे और अब जेडीयू में लूट रहे हैं।”
उनके इस बयान के बाद अशोक चौधरी और राबड़ी देवी में तीखी बहस हो गई, जिससे सदन का माहौल और गर्मा गया।
विपक्षी सदस्यों को बाहर भेजा गया
लगातार हंगामे के कारण सभापति ने विपक्षी सदस्यों को पहली पाली तक के लिए सदन से बाहर करने का आदेश दिया। बिहार विधानपरिषद में इस तरह का हंगामा कोई नई बात नहीं है, लेकिन इस बार नीतीश कुमार और राबड़ी देवी के बीच सीधी टकराव ने सदन में तनाव और बढ़ा दिया।
Author: AK
! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !












