सांसद डॉ. सुरेंद्र प्रसाद यादव ने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी को पत्र लिखकर की थी मांग, कई प्रमुख सड़कों को एनएच से जोड़ने का भी किया आग्रह
जहानाबाद। जहानाबाद लोकसभा क्षेत्र में सड़क संपर्क व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में अरवल-जहानाबाद से बिहारशरीफ तक फोरलेन सड़क निर्माण की पहल तेज हो गई है। इस महत्वपूर्ण सड़क परियोजना को लेकर विभाग की ओर से डीपीआर (विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन) तैयार करने के साथ भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। इससे क्षेत्र के लोगों में बेहतर सड़क सुविधा मिलने की उम्मीद जगी है।
दरअसल, जहानाबाद के सांसद डॉ. सुरेंद्र प्रसाद यादव ने इस सड़क के निर्माण की मांग को लेकर केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी को पत्र लिखा था। उन्होंने अरवल-जहानाबाद से बिहारशरीफ तक फोरलेन सड़क बनाने के साथ ही लोकसभा क्षेत्र की अन्य प्रमुख सड़कों को राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) से जोड़ने का भी आग्रह किया था।
सांसद ने अपने पत्र में कहा था कि जहानाबाद लोकसभा क्षेत्र में जहानाबाद, गया और अरवल जिले के इलाके शामिल हैं। इन क्षेत्रों में सड़क संपर्क को मजबूत करने की जरूरत है। कई महत्वपूर्ण सड़कें ऐसी हैं, जिन्हें राष्ट्रीय राजमार्ग से जोड़ने पर लोगों को आवागमन में काफी सुविधा मिलेगी। इससे अलग-अलग जिलों के बीच संपर्क बेहतर होगा और विकास की रफ्तार भी तेज होगी।
उन्होंने विशेष रूप से अरवल-जहानाबाद से बिहारशरीफ तक फोरलेन सड़क निर्माण को प्राथमिकता देने की मांग की थी। इस सड़क के निर्माण से यातायात का दबाव कम होने, यात्रा का समय घटने और लोगों को आवागमन में सहूलियत मिलने की उम्मीद है। साथ ही व्यापार, रोजगार और क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिल सकता है। अब इस परियोजना को लेकर डीपीआर तैयार करने और भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू होने से सड़क निर्माण की उम्मीद मजबूत हुई है। हालांकि, परियोजना के निर्माण कार्य और समयसीमा को लेकर आगे की आधिकारिक जानकारी का इंतजार है।
Jehanabad News: Initiative to construct a four-lane road from Arwal-Jehanabad to Bihar Sharif gains momentum; DPR and land acquisition processes underway.



















