
JOIN OUR WHATSAPP GROUP
संसद के मानसून सत्र में विपक्षी नेताओं पर अनुशासनहीनता पर कार्रवाई जारी है। मंगलवार को राज्यसभा से 19 विपक्षी सांसदों को सस्पेंड किया गया था। उससे पहले कांग्रेस के चार सांसदों को लोकसभा से निलंबित किया गया था। आज आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह को राज्यसभा से सस्पेंड कर दिया गया है। उन पर सदन में मंगलवार को नारेबाजी करते हुए चेयरमैन के आसन पर पेपर फेंकने का आरोप है। बुधवार को राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश नारायण सिंह ने संजय सिंह को इस हफ्ते की बची हुई कार्यवाही के लिए निलंबित करने की घोषणा की।



उपसभापति के इस फैसले पर विपक्ष ने जमकर हंगामा किया। बता दें कि इस हफ्ते मानसून सत्र में हंगामा करने वाले राज्यसभा के 20 और लोकसभा के 4 सांसदों पर निलंबन कार्रवाई की जा चुकी है। राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश नारायण सिंह ने आप नेता के निलंबन की घोषणा करते हुए कहा कि मंगलवार को उन्होंने सदन की कार्यवाही के दौरान कुर्सी पर कागज फेंका। सिंह का निलंबन संसदीय मामलों के कनिष्ठ मंत्री वी. मुरलीधरन द्वारा कदाचार और सदन और पीठ के अधिकार की पूर्ण अवहेलना के लिए एक प्रस्ताव के बाद किया गया था। यह प्रस्ताव ध्वनिमत से किया गया। संसद का मॉनसून सत्र चल रहा है। संसद में विपक्ष लगातार महंगाई और जीएसटी की बढ़ी हुई दरों को लेकर विरोध प्रदर्शन कर रहा है। सरकार का आरोप है कि विपक्ष संसद की कार्यवाही में बाधा डाल रहा है। जबकि विपक्षी दलों का कहना है कि सरकार इन मुद्दों पर चर्चा से भाग रही है।
प्रधानमंत्री जी गृह मंत्री जी दोनो गुजरात से हैं आप लोग कुछ बोलते क्यों नही?
— Sanjay Singh AAP (@SanjayAzadSln) July 27, 2022
गुजरात CM का इस्तीफ़ा कब होगा?
मुझे 10 बार सस्पेंड करो लेकिन 55 लोगों की जान नक़ली शराब पीने से चली गई उसका जवाब दो।
मैं अभी भी सदन में हूँ और गुजरात के भाइयों की आवाज़ उठाता रहूँगा। pic.twitter.com/wg8hnOSPns
बता दें कि राज्यसभा में हंगामे को लेकर विपक्षी सांसदों के खिलाफ कार्रवाई की गई। उपसभापति ने 19 सांसदों को निलंबित कर दिया। इन सांसदों में तृणमूल सांसद सुष्मिता देव, डॉ शांतनु सेन और डोला सेन, शांता छेत्री, मोहम्मद अब्दुल्ला, एए रहीम, एल यादव और वी वी. शिवादासन, अबीर रंजन विश्वास, नदीमुल हक शामिल हैं। वहीं सोमवार को को भी लोकसभा में विपक्षी सांसदों ने महंगाई और जीएसटी की बढ़ती दरों को लेकर विरोध प्रदर्शन किया था। लोकसभा में हंगामा करने को लेकर कांग्रेस के चार सांसदों को कार्रवाई की गई। मणिक्कम टेगोर, टीएम प्रतापन, ज्योतिमणी, रम्या हरिदास को इस पूरे सत्र के लिए निलंबित कर दिया गया।
Author: AK
! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !



















