
उत्तराखंड के हल्द्वानी में 8 फरवरी को हुई हिंसा के बाद धीरे-धीरे जनजीवन सामान्य होता जा रहा है। दो दिनों से जारी कर्फ्यू को शनिवार को हटा दिया है। गुरुवार को हल्द्वानी के बनभूलपुरा में सरकारी जमीन पर बने अवैध धर्मस्थल और मदरसे को हटाने के विरोध में हुए उपद्रव के बाद हल्द्वानी अशांत हो गया था। भीड़ ने बनभूलपुरा थाने को घेरा। पुलिसकर्मियों पर पथराव किया और आग लगा दी। हालात काबू करने के लिए दंगाइयों को गोली मारने के आदेश जारी कर दिए गए। हिंसा के तीसरे दिन अब तक 6 लोगों की मौत हो चुकी है। 300 पुलिसकर्मी और निगम कर्मचारी घायल हैं। दो दिन से लोग कर्फ्यू के कारण घरों में कैद थे। वहीं उपद्रव का केंद्र रहे बनभूलपुरा में कर्फ्यू जारी रहेगा। उत्तराखंड के एडीजी लॉ एंड ऑर्डर एपी अंशुमान ने ये घोषणा की है। इसके साथ ही हल्द्वानी हिंसा और उपद्रव की मजिस्ट्रियल जांच के आदेश जारी हुए हैं।
जांच 15 दिन के भीतर पूरी करने का निर्देश दिया गया है। मुख्य सचिव राधा रतूड़ी द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि कुमाऊं के आयुक्त दीपक रावत मजिस्ट्रेट जांच करेंगे और 15 दिन के भीतर सरकार को अपनी रिपोर्ट सौंपेंगे।
वहीं हल्द्वानी हिंसा का सूत्रधार यानी मास्टरमाइंड अब्दुल मलिक और उसका बेटे को माना जा रहा है। जिन्हें पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, सपा नेता मतीन सिद्दीकी के भाई जावेद सिद्दीकी को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इन लोगों पर हिंसा भड़काने का आरोप है। पुलिस का कहना है कि ये लोग हिंसक भीड़ का नेतृत्व कर रहे थे। पुलिस ने 500 हिंसा के आरोपियों पर मुकदमा दर्ज किया है। दूसरी ओर आज एक बार फिर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हल्द्वानी में हुई हिंसा के आरोपियों पर सख्त कार्रवाई करने का एलान किया। मुख्यमंत्री धामी शनिवार को अल्मोड़ा पहुंचे हैं। यहां पहुंचकर उन्होंने आर्मी ग्राउंड से शिखर तिराहे तक रोड शो किया। सीएम धामी ने कहा कि हल्द्वानी में हिंसा करने वालों ने आग से खेलने की कोशिश की है। हम संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों से पाई-पाई वसूल करेंगे। इसी बीच कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अंकिता भंडारी हत्याकांड, यूके ट्रिपल एससी घोटाला और केदारनाथ सोना चोरी सहित तमाम मुद्दों को लेकर धामी सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया. साथ ही चौघानपाटा में सड़क जाम कर दी, तभी पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच झड़प भी देखने को मिली।
यह भी पढ़े: बीसीसीआई ने इंग्लैंड के खिलाफ बाकी तीन टेस्ट के लिए टीम की घोषित, विराट कोहली ने सीरीज खेलने से लिया रेस्ट
यह भी पढ़े: इस सप्ताह OTT पर है फिल्मों को भरमार, पूरे वीकेंड उठाएं घर बैठे इसका लुफ्त
Author: AK
! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !












