जहानाबाद उर्दू भाषा के विकास और विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से जिला मुख्यालय में उर्दू भाषी विद्यार्थी प्रोत्साहन राज्य योजना के अंतर्गत एक भव्य प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन जिला पदाधिकारी डॉ. प्रीति की अध्यक्षता में दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इस अवसर पर उर्दू भाषा में तैयार की गई पुस्तिका “जिला उर्दू नामा, जहानाबाद” का भी विमोचन किया गया। अपने संबोधन में जिला पदाधिकारी ने कहा कि उर्दू केवल एक भाषा नहीं, बल्कि गंगा-जमुनी तहजीब और सांस्कृतिक विरासत की पहचान है। उन्होंने स्पष्ट किया कि उर्दू किसी एक धर्म से जुड़ी भाषा नहीं, बल्कि हिंदुस्तान की साझा भाषा है, जो प्रेम, भाईचारे और आपसी सौहार्द का संदेश देती है। उन्होंने बताया कि बिहार सरकार और जिला उर्दू भाषा कोषांग लगातार उर्दू के प्रचार-प्रसार के लिए प्रयासरत हैं, जिससे नई पीढ़ी को इस भाषा को सीखने और समझने में सुविधा मिल सके। कार्यक्रम के दौरान तीन श्रेणियों—मैट्रिक समकक्ष फौकानिया, इंटर समकक्ष मौलवी और स्नातक समकक्ष आलिम—में प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। फौकानिया वर्ग में “नज़्म और रुबाई: तारीफ व तौजीह” विषय पर प्रतियोगिता हुई, जिसमें प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को क्रमशः 4500, 3500 और 2500 रुपये, मेडल और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। मौलवी वर्ग में “फन अफसाना निगारी: एक जायजा” विषय पर प्रतियोगिता आयोजित हुई, जिसमें विजेताओं को 5500, 4500 और 3500 रुपये की प्रोत्साहन राशि दी गई। आलिम वर्ग में “नॉवेल निगारी: आगाज़ व इर्तिका” विषय पर प्रतियोगिता हुई, जिसमें प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान पाने वालों को क्रमशः 6500, 5500 और 4500 रुपये, मेडल और प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। प्रतियोगिता के सफल संचालन के लिए निर्णायक मंडल में उर्दू शिक्षकों की टीम शामिल रही, जिन्होंने प्रतिभागियों के प्रदर्शन का मूल्यांकन किया। इस अवसर पर अपर समाहर्ता (राजस्व) अनिल कुमार सिन्हा ने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं छात्रों को अपनी भाषा पर पकड़ मजबूत करने का बेहतरीन अवसर प्रदान करती हैं। उन्होंने छात्रों को प्रेरित करते हुए कहा कि वे अपनी प्रतिभा को राज्य और राष्ट्रीय स्तर तक ले जाएं और जिले का नाम रोशन करें। वहीं, अन्य अधिकारियों ने भी इस पहल को सराहनीय बताते हुए कहा कि इससे उर्दू भाषा को बढ़ावा मिलेगा और विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच मिलेगा। कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों ने छात्रों को शुभकामनाएं देते हुए उर्दू के प्रचार-प्रसार में सक्रिय भागीदारी की अपील की। कार्यक्रम का समापन उत्साहपूर्ण माहौल में हुआ, जहां प्रतिभागियों के प्रदर्शन ने उर्दू भाषा की समृद्धि और सुंदरता को एक बार फिर उजागर किया।
Jehanabad News: Competition organized under the State Scheme for Incentives for Urdu Speaking Students, Urdu language gets a boost












