DW Samachar – Header
ब्रेकिंग

Uttarakhand: हल्द्वानी पहुंचे सीएम धामी ने हिंसाग्रस्त क्षेत्र का लिया जायजा, घायल पुलिस कर्मियों से मुलाकात कर कहा- उपद्रवियों पर सख्त एक्शन लेंगे

(बनभूलपुरा बवाल)

हल्द्वानी के बनभूलपुरा में गुरुवार हुए बवाल के बाद मुख्यमंत्री धामी सरकार एक्टिव मोड में है। वहीं हल्द्वानी में हिंसा के बाद पूरे शहर में चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात है। शुक्रवार शाम को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी राजधानी देहरादून से हल्द्वानी पहुंचे और यहां हालातों का बारीकी से जायजा लिया। सीएम धामी ने सबसे पहले हिंसा में घायल हुए लोगों से मुलाकात की। सीएम धामी ने घायल पुलिसकर्मियों से भी बातचीत की। सीएम ने कहा कि प्रशासन द्वारा न्यायालय के आदेश पर अतिक्रमण हटाने का काम चल रहा था। अतिक्रमण हटाने के दौरान नगर निगम की टीम और पुलिसकर्मियों पर सुनियोजित तरीके से हमला किया गया। महिला कर्मियों को मारा पीटा गया है, पत्थरों और बंदूकों से उन पर हमला किया है। सीएम धामी ने कहा कि उत्तराखंड देवभूमि है, यहां कभी ऐसा नहीं हुआ है, इन्होंने देवभूमि की हवा खराब करने का काम किया है। पत्रकारों के साथ मारपीट हुई है, उनके कैमरे तोड़े गए हैं। पत्रकारों को जिंदा आग में झोंकने तक का प्रयास किया गया है। कानून अपना काम करेगा, जिन लोगों ने भी सरकारी संपत्ति जलाई है उन पर कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद सीएम धामी ने पुलिस प्रशासन के अधिकारियों से साथ बैठक की। इस दौरान सीएम धामी ने सभी लोगों से शांति की अपील की। बता दें कि गुरुवार शाम को हल्द्वानी के बनभूलपुरा में अवैध धार्मिक स्थल तोड़े जाने को लेकर जमकर बवाल हुआ है। अतिक्रमण हटाने पहुंची पुलिस-प्रशासन की टीम पर उपद्रवियों ने पथराव और हमला कर दिया। पुलिस की फायरिंग में अब तक तीन उपद्रवियों की मौत हुई है, जबकि 300 उपद्रवी घायल हुए हैं। वहीं उत्तराखंड के डीजीपी अभिनव कुमार ने कहा कि हल्‍द्वानी हिंसा में उपद्रवियों को चिह्नित किया जा रहा है। उपद्रवियों को चिह्नित कर एनएसए की कार्रवाई की जाएगी. किसी भी उपद्रवी को बख्‍शा नहीं जाएगा। बता दें कि सीएम धामी के हल्‍द्वानी दौरे पर कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य भी मौजूद रहीं । देवभूमि उत्तराखंड के हल्द्वानी में बवाल को लेकर उत्तर प्रदेश के डीजीपी प्रशांत कुमार ने पूरे यूपी में हाई अलर्ट जारी कर रखा है। हाई अलर्ट को लेकर बुलंदशहर के डीएम एसएसपी ने संवेदनशील और अति संवेदनशील इलाकों में फ्लैग मार्च किया। अराजक तत्वों पर पुलिस निगरानी किए हुए हैं। वहीं सोशल मीडिया के माध्यम से भी समाज विरोधी पोस्ट करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी है।

AK
Author: AK

! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !

Relates News