उत्तराखंड में डेढ़ महीने से बारिश जारी है। आए दिन मौसम विभाग बारिश का अलर्ट जारी कर देता है। लगातार बारिश होने से राजधानी देहरादून से लेकर पहाड़ों तक जनजीवन बुरी तरह प्रभावित है। इसके साथ सड़कों पर भी जलजमाव होने की वजह से जगह-जगह गड्ढे हो गए हैं। उत्तराखंड में इस बार मानसून ने भारी तबाही मचाई हुई है। हर रोज हो रही बारिश की वजह से मार्ग जगह-जगह लगातार बाधित हो रहे हैं। कई गांवों का संपर्क जिला मुख्यालय से कटा हुआ है। इतना ही नहीं नदी नाले उफान पर बह रहे हैं। वहीं राजधानी देहरादून में भी पिछले 3 दिनों से मूसलाधार के साथ रुक रक कर हो रही बारिश से लोगों की दिनचर्या प्रभावित हो रही है। राजधानी में सोमवार से शुरू हुई बारिश लगातार जारी है।

मूसलाधार बारिश के कारण देहरादून में टपकेश्वर महादेव मंदिर के प्रवेश द्वार के पास भूस्खलन होने से भारी मात्रा में मलबा आ गया, जिसकी वजह से काफी देर तक आवाजाही बंद रही। लगभग डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद मंदिर के प्रवेश द्वार से मलबा हटाया गया। इसके बाद श्रद्धालुओं ने आराम से मंदिर में जाकर दर्शन किए। एक बार फिर देहरादून मौसम विभाग ने राज्य के 7 जिलों में 23 और 24 अगस्त का भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने बागेश्वर, पौड़ी, देहरादून, उधम सिंह नगर, चंपावत, पिथौरागढ़, टिहरी जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने इन जिलों में भारी बारिश का अंदेशा जताया है। मौसम विभाग के मुताबिक, प्रदेशवासियों को अभी बारिश से राहत नहीं मिलने वाली है। विभाग ने अगले कुछ दिनों तक प्रदेश में भारी बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है।
Author: AK
! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !












