मां की शिकायत करने पिता के साथ बालक पुलिस चौकी पहुंचा, ‘मम्मी चॉकलेट चुराती है, उनको जेल में डाल दो’, मंत्री ने भी की मासूम से बात, वीडियो

JOIN OUR WHATSAPP GROUP
एक मासूम अपनी मां से इतना नाराज हो कि उसकी शिकायत करने सीधे पुलिस स्टेशन पहुंच गया। मामला मध्य प्रदेश जिले के बुरहानपुर डेढ़तलाई गांव का है। यहां 3 साल का मासूम अपने पिता के साथ पुलिस स्टेशन पहुंचा। इसके बाद पुलिसवालों से बोला कि उसकी मम्मी को जेल में डाल दो। थाने में मौजूद महिला पुलिसकर्मी हैरान हो गई। जब बच्चे से इसकी वजह पूछी तो, बच्चा ने बताया कि उसकी मम्मी चॉकलेट चुरा लेती है। कैंडी भी चुरा लेती है। मेरे गाल पर मारा भी है। चौकी प्रभारी एसआई प्रियंका नायक बच्चे की बात सुनकर अपनी हंसी नहीं रोक सकीं।
उन्होंने भी उसका मन रखने के लिए कागज-पेन उठाया और शिकायत लिखने बैठ गईं। बच्चा मम्मी द्वारा कैंडी-चॉकलेट चुराने की बात कहता रहा और वहां मौजूद सभी लोगों की हंसी छूट गई। आखिर एसआई प्रियंका ने मम्मी को जेल भेजने की बात कह कर बड़ी मुश्किल से उसे घर भिजवाया। दरअसल, आज से पहले उनके थाने में कभी ऐसी शिकायत नहीं आई थी। बच्चे के पिता का कहना है कि इसकी अम्मी इसे नहलाने के बाद काजल लगा रही थी। इस दौरान बेटा चॉकलेट खाने की जिद करने लगा। इस पर उसकी मां ने उसे प्यार में धीरे से गाल पर चांटा मार दिया, तो बच्चा रोने लगा। वह जिद करने लगा कि अम्मी की शिकायत करने पुलिस के पास चलो। इसलिए मैं उसे यहां लेकर आ गया। इसी बात को लेकर यह बालक अपनी मां से नाराज हो गया था। वहीं अब इस पूरे वाक्या का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है जिसे लोग खूब पसंद कर रहे है। वहीं यह मामला अब मध्य प्रदेश के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा के पास भी पहुंच गया है। गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने आज बच्चे से सीधे मोबाइल पर बात की । अब गृहमंत्री दीपावली पर इस बच्चे को साइकिल और चॉकलेट उपहार में देंगे।
Author: AK
! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !












