
2019 में दोबारा केंद्र में सरकार बनाने के दो साल बाद आज केंद्रीय मंत्रिमंडल का विस्तार होने वाला है।
लंबे समय से टल रहे मोदी सरकार के कैबिनेट विस्तार में नए चेहरों को जगह दिए जाने की अटकलों के बीच पार्टी आलाकमान के बुलावे पर मध्य प्रदेश से भाजपा नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया, महाराष्ट्र से नारायण राणे और असम से सर्बानंद सोनोवाल दिल्ली पहुंच गए। बताया जा रहा है कि आधा दर्जन कैबिनेट मंत्रियों की छुट्टी होगी, तो एक दर्जन मंत्रियों के विभागों में बदलाव किया जाएगा। इसके अलावा आठ से 10 राज्य मंत्रियों को भी टीम मोदी से बाहर होना पड़ सकता है।
कैबिनेट विस्तार से पहले पीएम मोदी आज दिन में भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा और गृहमंत्री अमित शाह के साथ बैठक कर विभागों के बंटवारे को अंतिम रूप देंगे। विस्तार में 20-25 नए मंत्रियों को जगह देने की बात कही जा रही है। इससे पहले मंगलवार को केंद्र सरकार ने केंद्रीय मंत्री और दलित चेहरा माने जाने वाले थावरचंद गहलोत को कर्नाटक का नया राज्यपाल बना दिया है। वहीं, सात अन्य राज्यों के राज्यपाल भी बदल दिए। थावरचंद को कर्नाटक भेजे जाने से मंत्रिमंडल में एक और सीट खाली हो गई है।
सूत्रों का कहना है कि विस्तार के जरिए पीएम मोदी की कोशिश पार्टी में नई पीढ़ी तैयार करने की भी है। इस रणनीति के तहत इस विस्तार में युवा चेहरों पर दाव लगाया जाएगा। इसके अलावा उत्तर प्रदेश समेत पांच राज्यों के चुनावी समीकरण साधने के लिए सोशल इंजीनियरिंग का भी ध्यान रखा जाएगा। उत्तर प्रदेश में पूर्वांचल से ब्राह्मण, ओबीसी और दलित चेहरे को विस्तार में जगह मिलना तय है।
भाजपा सूत्रों के मुताबिक, मंत्रिमंडल के संभावित चेहरे के लिए पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा के कार्यालय से फोन जा रहा है, जबकि सहयोगियों के साथ गृहमंत्री अमित शाह संपर्क में है। नड्डा के कार्यालय से असम के पूर्व सीएम सर्बानंद सोनोवाल, ज्योतिरादित्य सिंधिया, सुशील मोदी, नारायण राणे, शांतनु ठाकुर, निशिथ प्रमाणिक सहित एक दर्जन नेताओं को बुलावा भेजा गया है। जबकि शाह ने लोजपा के नए अध्यक्ष पशुपति पारस को दिल्ली बुलाया है। इस दौरान अमित शाह ने मंगलवार को जदयू के अध्यक्ष आरसीपी सिंह, अन्नाद्रमुक और वाईएसआर कांग्रेस के साथ बातचीत की। वहीं, खबर यह भी है की शाह अपना दल की अध्यक्ष अनुप्रिया पटेल से आज बातचीत करेंगे।
Author: AK
! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !



















