जहानाबाद: इस्लाम की महान हस्ती, ख़ातूने जन्नत, हज़रत फातिमा ज़हरा (स.अ.) की ज़िन्दगी और इस्लाम के लिए उनकी बेमिसाल ख़िदमत को याद करने और नई नस्ल तक पहुँचाने के मकसद से मुस्तफा फाउंडेशन, जहानाबाद की जानिब से ईशा कंप्यूटर जोन में एक भव्य सेमिनार का आयोजन किया गया। सेमिनार में बड़ी तादाद में नौजवान, ख़वातीन, उलमा-ए-किराम और समाज के गणमान्य लोग मौजूद रहे। पूरा हॉल नारे-ए-तकबीर और फातिमा ज़हरा (स.अ.) की शान में पढ़े गए कलाम से गूँज उठा।
कार्यक्रम की शुरुआत मो. मनव्वर हुसैन ने क़ुरआने पाक की दिलकश तिलावत से की। तिलावत के बाद माहौल पूरी तरह रूहानी हो गया।
फातिमा ज़हरा (स.अ.) की ज़िन्दगी ही इस्लाम की रोशनी है – मौलाना कल्बे हुसैन
सेमिनार की अध्यक्षता कर रहे मौलाना सैयद कल्बे हुसैन जाफरी, पेश-इमाम शिया जामा मस्जिद अली नगर पाली ने अपनी तकरीर में कहा कि हज़रत फातिमा ज़हरा (स.अ.) की ज़िन्दगी ही इस्लाम की रोशनी है। उनकी सीरत ही सबसे बड़ी तालीम है। उन्होंने कहा कि अगर आज की बेटियाँ और बहनें बीबी फातिमा की सादगी, हया, सब्र और इबादत को अपना लें तो पूरा समाज सुधर जाएगा।
उन्होंने कहा कि फातिमा ज़हरा (स.अ.) ने अपनी छोटी सी ज़िन्दगी में वो मिसाल कायम की जो क़यामत तक आने वाली नस्लों के लिए मशाल-ए-राह बनी रहेगी।
सादगी, सब्र और कुर्बानी हमारी बेटियों के लिए मिसाल – सैयद मुबारक हसन
वहीं सेमिनार में सैयद मुबारक हसन ने अपने संबोधन में कहा कि हज़रत फातिमा ज़हरा (स.अ.) की सादगी, सब्र, कुर्बानी, इल्म, इबादत और इस्लाम के लिए उनकी अज़ीम ख़िदमत हमारी बहन-बेटियों के लिए मिसाल है। उन्होंने कहा कि आज के दौर में जब दिखावा और बे-हयाई बढ़ रही है, तब बीबी फातिमा की पाकीज़ा ज़िन्दगी ही नौजवानों को सही रास्ता दिखा सकती है।
बच्चों की तकरीरों ने लूट ली महफिल, आयशा अख्तर प्रथम
सेमिनार का सबसे खास आकर्षण बच्चों की तकरीरें रहीं। तकरीबन एक दर्जन बच्चों ने हज़रत फातिमा ज़हरा (स.अ.) की हयात-ए-तैयबा और दीन-ए-इस्लाम के लिए उनकी अज़ीम ख़िदमत पर अपने मज़मून को बड़ी ही खूबसूरती और आत्मविश्वास के साथ पढ़ा। बच्चों की ज़ुबान से बीबी फातिमा की शान सुनकर पूरा हॉल तालियों से गूँज उठा।
इसमें बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत किया गया।
प्रथम पुरस्कार – आयशा अख्तर
द्वितीय पुरस्कार – नाज़ बानो
तृतीय पुरस्कार – संजीदा रहमा
पुरस्कार पाकर बच्चों के चेहरे खिल उठे और अभिभावकों ने मुस्तफा फाउंडेशन की इस पहल की जमकर सराहना की।
सेमिनार का मकसद – नौजवानों को मिले सही राह
सेमिनार का मकसद नौजवानों और ख़ासकर ख़वातीन को हज़रत फातिमा ज़हरा (स.अ.) की पाकीज़ा ज़िन्दगी से प्रेरणा देना है, ताकि वो अपनी ज़िन्दगी में सच्चाई, पाकीज़गी, हया, सब्र और ख़िदमते ख़ल्क़ को अपना सकें। आयोजकों ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम आगे भी लगातार कराए जाएँगे ताकि नई नस्ल अपने दीन और अपनी महान हस्तियों से जुड़ी रहे. कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर फैजान अशरफी, तारीख फतह, मौलाना साईद हसनी, सूरज कुमार, मुशर्रफ पालवी, एहतेशाम मालिक, विनीत शेखर, मधु कुमारी, अदिति कुमारी, साहिल कुमार, जसीम अख्तर, फातमा ज़हरा, मुजफ्फर ईमाम सहित दर्जनों लोग मौजूद थे। वहीं मंच का संचालन सदफ प्रवीण ने बड़े ही शानदार अंदाज़ में किया। अंत में सभी का शुक्रिया अदा किया गया और दुआ के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
Jehanabad News: Grand seminar held on the pure life of Khatun-e-Jannat Hazrat Fatima Zahra (S.A.); children’s speeches win hearts



















