छठ घाटों पर दूध, चाय, प्रसाद और नींबू पानी की व्यवस्था; बुजुर्ग एवं असहाय व्रतियों को घाट तक पहुंचाने में भी निभाती है अहम भूमिका
जहानाबाद। लोक आस्था के महापर्व छठ के अवसर पर जहां श्रद्धालु भगवान भास्कर की आराधना में जुटे हैं, वहीं कुछ सामाजिक संस्थाएं सेवा भाव से व्रतियों की मदद में लगी हैं। ऐसी ही एक संस्था है नवनिर्माण संस्था, जो वर्ष 2012 से लगातार छठ व्रतियों की सेवा करती आ रही है। संस्था के सदस्य साल में दो बार आयोजित होने वाले छठ महापर्व के दौरान पूरी सक्रियता के साथ अपनी जिम्मेदारियां निभाते हैं। खास बात यह है कि संस्था की सेवा केवल छठ पूजा तक सीमित नहीं है, बल्कि सालभर विभिन्न सामाजिक और धार्मिक अवसरों पर जरूरतमंद लोगों की मदद के लिए तत्पर रहती है।
छठ महापर्व के अवसर पर संस्था की पूरी टीम सुबह से ही घाटों पर श्रद्धालुओं की सेवा में जुट जाती है। संध्या अर्घ्य से लेकर प्रातःकालीन अर्घ्य तक व्रतियों के लिए दूध, चाय, धूप, अगरबत्ती और प्रसाद की व्यवस्था की जाती है। वहीं, व्रत संपन्न होने के बाद व्रतियों के लिए नींबू पानी और चाय की भी व्यवस्था रहती है, ताकि वे अपना निर्जला व्रत पूरा करने के बाद इसका सेवन कर सकें।
संस्था के सदस्य केवल खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने तक ही सीमित नहीं रहते, बल्कि बुजुर्गों और असहाय लोगों की मदद भी करते हैं। जिन बुजुर्गों को छठ घाट तक पहुंचने में परेशानी होती है, उन्हें संस्था के सदस्य सहारा देकर घाट तक पहुंचाते हैं। पूजा-अर्चना के बाद उन्हें सुरक्षित स्थान पर बैठाने और जरूरत के अनुसार मदद करने का काम भी करते हैं। आसपास के लोगों की सुरक्षा और जरूरतमंदों की सहायता के लिए भी संस्था की टीम तत्पर रहती है।
संस्था का कहना है कि फिलहाल संगठन आर्थिक और संसाधनों के लिहाज से बहुत मजबूत नहीं है, लेकिन सदस्यों के आपसी सहयोग और छठी मइया के आशीर्वाद से हर वर्ष सेवा का यह सिलसिला जारी रहता है। संस्था होली समेत अन्य पर्व-त्योहारों पर भी सामाजिक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेती है। जरूरतमंद बच्चियों की शादी में सहयोग और अन्य सामाजिक जिम्मेदारियों को निभाने में भी संस्था आगे रहती है। संस्था के सदस्य संजय शर्मा ने बताया कि लोगों की सेवा करना उन्हें आत्मिक आनंद देता है। समाज में जिन लोगों को जिस तरह की मदद की जरूरत होती है, उनकी सहायता करना ही उनका मूल उद्देश्य है। अपने निजी और व्यावसायिक कार्यों के साथ समय निकालकर वे छठ जैसे महान पर्व में व्रतियों की सेवा करते हैं। उन्होंने कहा कि जब तक शरीर में प्राण रहेगा और वे स्वस्थ रहेंगे, तब तक छठ व्रतियों की सेवा का यह सिलसिला जारी रखेंगे।
Jehanabad News: The Navnirman Sanstha has been serving Chhath devotees since 2012, providing all possible assistance during the festival.

















