जहानाबाद बिहार सरकार के अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री सह जहानाबाद के प्रभारी मंत्री जमा खान एक निजी कार्यक्रम में शामिल होने जहानाबाद पहुंचे। इस दौरान उन्होंने गणेशोत्सव कार्यक्रम में शिरकत की और सरकार की विभिन्न योजनाओं के साथ-साथ अभियान बसेरा योजना को लेकर अपनी बात रखी। अभियान बसेरा योजना के संबंध में प्रभारी मंत्री ने कहा कि योजना के पात्र लाभुकों को हर हाल में जमीन का लाभ दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि बिहार सरकार का प्रयास है कि कोई भी पात्र परिवार भूमिहीन नहीं रहे। पात्र लोगों को जमीन उपलब्ध कराकर उन्हें अपना घर बनाने का अवसर दिया जाएगा। मंत्री ने कहा कि अभियान बसेरा योजना को लेकर जहानाबाद की जिला पदाधिकारी से लगातार बातचीत हो रही है। जिला पदाधिकारी स्वयं मामले की समीक्षा कर रही हैं और पात्र लाभुकों को योजना का लाभ दिलाने के लिए प्रशासनिक स्तर पर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि नियमों के तहत पात्र लोगों को समय के साथ जमीन उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। वहीं, जमुई में हुई घटना को लेकर प्रभारी मंत्री ने कहा कि ऐसी घटनाएं बेहद गंभीर और शर्मनाक हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जमुई ही नहीं, बिहार के किसी भी जिले में यदि किसी व्यक्ति के साथ इस प्रकार का दुर्व्यवहार या कानून का उल्लंघन किया जाता है, तो उसे किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा।
उन्होंने कहा कि घटना में जो भी लोग दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी। सरकार ऐसी घटनाओं को लेकर गंभीर है और दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। प्रभारी मंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य पात्र लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना और आम लोगों को सम्मान एवं सुरक्षा प्रदान करना है।
Jehanabad News: Eligible beneficiaries of ‘Abhiyan Basera’ will receive land benefits: Jama Khan.



















