जहानाबाद। चीनी की कीमतों में हाल में हुई अप्रत्याशित वृद्धि को गंभीरता से लेते हुए जिला प्रशासन ने जमाखोरी और कालाबाजारी के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है। जिला पदाधिकारी छिरिंग वाई भूटिया के निर्देश पर अनुमंडल पदाधिकारी ने जिले के सभी चीनी थोक विक्रेताओं के साथ बैठक कर बाजार में चीनी की उपलब्धता, भंडारण और कीमतों की स्थिति की समीक्षा की। बैठक का उद्देश्य जिले में चीनी की निर्बाध और पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित करना तथा कृत्रिम अभाव, जमाखोरी और कालाबाजारी जैसी गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण रखना था। अनुमंडल पदाधिकारी ने सभी थोक विक्रेताओं को स्पष्ट निर्देश दिया कि चीनी की जमाखोरी, अवैध भंडारण या कालाबाजारी किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी विक्रेताओं को नियमानुसार स्टॉक का संधारण करने और बाजार की मांग के अनुसार नियमित रूप से चीनी की उपलब्धता बनाए रखने को कहा गया। जिला पदाधिकारी के निर्देश पर जिले के सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में चीनी के थोक विक्रेताओं और गोदामों का नियमित तथा औचक निरीक्षण करने का निर्देश दिया गया है। निरीक्षण के दौरान उपलब्ध स्टॉक, भंडारण की स्थिति और बिक्री व्यवस्था की गहन जांच की जाएगी। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जांच के दौरान यदि किसी विक्रेता के यहां अवैध भंडारण, जमाखोरी, कृत्रिम कमी पैदा करने या कालाबाजारी के प्रमाण मिलते हैं, तो उसके खिलाफ नियमानुसार तत्काल कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में वर्तमान स्टॉक की समीक्षा के दौरान पाया गया कि जिले में चीनी का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है और आपूर्ति में किसी प्रकार की कमी नहीं है। प्रशासन लगातार बाजार में चीनी की उपलब्धता और कीमतों की निगरानी कर रहा है, ताकि आम उपभोक्ताओं को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें और घबराहट में आवश्यकता से अधिक चीनी की खरीदारी न करें। प्रशासन का कहना है कि अनावश्यक रूप से अधिक मात्रा में खरीदारी करने से बाजार पर कृत्रिम दबाव बन सकता है। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि यदि कहीं भी चीनी की जमाखोरी, अवैध भंडारण, कृत्रिम कमी या कालाबाजारी की जानकारी मिलती है, तो इसकी सूचना तुरंत जिला प्रशासन या संबंधित आपूर्ति पदाधिकारी को दें। प्राप्त शिकायतों की त्वरित जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
Jehanabad News: District administration cracks down on rising sugar prices; strict action to be taken against hoarding and black marketing.



















