गया जिले में पॉक्सो एक्ट एवं एससी/एसटी अधिनियम से जुड़े एक गंभीर मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए प्राथमिकी दर्ज होने के महज 24 घंटे के भीतर मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। मामले का खुलासा ग्रामीण पुलिस अधीक्षक दिव्यांजलि जायसवाल ने शुक्रवार को आयोजित प्रेस वार्ता में किया। ग्रामीण एसपी ने बताया कि 29 जुलाई 2026 को इमामगंज थाना क्षेत्र की एक नाबालिग पीड़िता के परिजनों ने थाना में लिखित आवेदन देकर शिकायत दर्ज कराई थी। आवेदन के अनुसार, आरोपी आशीष कुमार ने नाबालिग का अपहरण कर शेरघाटी के एक होटल में ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया कि घटना के दो दिन बाद आरोपी पीड़िता को घर छोड़ने आया और इस दौरान उसने कथित रूप से जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए गाली-गलौज की तथा जान से मारने की धमकी दी।शिकायत मिलते ही इमामगंज थाना पुलिस ने पॉक्सो एक्ट एवं एससी/एसटी अधिनियम की सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए ग्रामीण एसपी दिव्यांजलि जायसवाल के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, इमामगंज के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया।

विशेष टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, मोबाइल लोकेशन, आसूचना संकलन और विभिन्न संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की। पुलिस की सक्रिय कार्रवाई के परिणामस्वरूप प्राथमिकी दर्ज होने के 24 घंटे के भीतर ही मुख्य आरोपी आशीष कुमार, निवासी पकड़ी गुड़िया, थाना इमामगंज, को गिरफ्तार कर लिया गया। प्रेस वार्ता के दौरान ग्रामीण एसपी ने बताया कि मामले की जांच वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर तेज़ी से की जा रही है। पुलिस का प्रयास है कि अनुसंधान शीघ्र पूरा कर आरोप पत्र न्यायालय में समर्पित किया जाए, ताकि त्वरित सुनवाई के माध्यम से दोषी को कानून के अनुसार कठोर सजा दिलाई जा सके। उन्होंने कहा कि महिलाओं, बच्चों तथा अनुसूचित जाति एवं जनजाति के लोगों से जुड़े अपराधों के प्रति गया पुलिस की जीरो टॉलरेंस नीति है। ऐसे मामलों में किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा और प्रत्येक मामले में निष्पक्ष एवं त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है तथा पुलिस मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है। मामले में लगाए गए आरोपों की अंतिम पुष्टि न्यायालय में साक्ष्यों के परीक्षण और सुनवाई के बाद ही होगी।
Gayaji News: Accused in POCSO and SC/ST Act case arrested within 24 hours; swift action by Gaya Police.



















