शिक्षक कॉलोनी और भागीरथ बीघा में वारदात, 32.5 लाख रुपये से अधिक के जेवरात लेकर फरार हुए चोर; पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी।
जहानाबाद, प्रतिनिधि शहर में चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। एक बार फिर बेखौफ चोरों ने नगर थाना क्षेत्र के शिक्षक कॉलोनी और भागीरथ बीघा में दो घरों को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये मूल्य के गहनों की चोरी कर ली। दोनों घटनाओं से इलाके में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार शिक्षक कॉलोनी निवासी राजेश कुमार के घर का ग्रिल तोड़कर चोर अंदर घुस गए और करीब 30 लाख रुपये मूल्य के गहने लेकर फरार हो गए। वहीं भागीरथ बीघा निवासी रविंद्र कुमार के घर में भी चोरों ने सेंधमारी करते हुए लगभग 2.5 लाख रुपये के गहनों की चोरी कर ली। बताया जा रहा है कि दोनों वारदातें एक ही रात में हुईं, जिससे लोगों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ गई है। घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

थानाध्यक्ष उमेश कुमार प्रसाद के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही अपराधियों की पहचान कर गिरफ्तारी की जाएगी। साथ ही डॉग स्क्वॉड की मदद लेने की भी तैयारी की जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जिले में पिछले कुछ समय से ग्रिल तोड़कर चोरी की घटनाओं में लगातार वृद्धि हुई है। कई घरों में इसी तरीके से चोरी की वारदातों को अंजाम दिया जा चुका है। लोगों ने आशंका जताई कि नशे की लत में शामिल असामाजिक तत्व इस प्रकार की घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। उन्होंने पुलिस प्रशासन से रात्रि गश्ती बढ़ाने और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस ने पीड़ित परिवारों के बयान दर्ज कर लिए हैं और प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद मामले का खुलासा किया जाएगा।
Jehanabad News: Terror of thieves—grilles of two houses broken in a single night; jewelry worth lakhs stolen.



















