जहानाबाद : स्थानीय सिविल सर्जन कार्यालय में शुक्रवार को उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब एक पदमुक्त डाटा ऑपरेटर पर कार्यालय में घुसकर प्रभारी प्रधान लिपिक को जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगा। घटना के बाद कार्यालय कर्मियों में भय और असुरक्षा का माहौल व्याप्त हो गया है। मामले को लेकर प्रभारी प्रधान लिपिक माधुरी कुमारी ने पुलिस अधीक्षक एवं पुलिस उपाधीक्षक को लिखित आवेदन देकर सुरक्षा की गुहार लगाई है। दिए गए आवेदन में माधुरी कुमारी ने बताया कि कुंदन कुमार पूर्व में हुलासगंज प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में डाटा ऑपरेटर के पद पर कार्यरत थे। विभागीय जांच में नियुक्ति प्रक्रिया में अनियमितता पाए जाने के बाद उन्हें पद से मुक्त कर दिया गया था। इसके बाद से वह लगातार विभागीय कर्मियों पर दबाव बनाने और धमकी देने का प्रयास कर रहे हैं। शिकायत के अनुसार शुक्रवार को कुंदन कुमार सिविल सर्जन कार्यालय पहुंचे और विभाग द्वारा जारी पत्र को निरस्त करने की मांग को लेकर हंगामा करने लगे। इसी दौरान सिविल सर्जन ने प्रभारी प्रधान लिपिक माधुरी कुमारी को अपने कक्ष में बुलाया। आरोप है कि वहां पहुंचते ही कुंदन कुमार उनसे उलझ पड़े और अभद्र व्यवहार करते हुए गंभीर परिणाम भुगतने तथा जान से मारने की धमकी देने लगे। आवेदन में यह भी उल्लेख किया गया है कि कुंदन कुमार के साथ कई अन्य लोग भी मौजूद थे, जो कार्यालय परिसर के बाहर खड़े थे। इस घटना से कार्यालय कर्मियों में दहशत फैल गई और सरकारी कर्मचारियों के बीच भय का माहौल उत्पन्न हो गया। माधुरी कुमारी ने आशंका जताई है कि भविष्य में उनके साथ किसी प्रकार की अप्रिय घटना घटती है तो इसकी पूरी जिम्मेदारी कुंदन कुमार की होगी। उन्होंने पुलिस प्रशासन से सिविल सर्जन कार्यालय में सुरक्षा बल की प्रतिनियुक्ति करने की मांग की है, ताकि सरकारी कर्मी भयमुक्त वातावरण में अपने कार्यों का निर्वहन कर सकें। फिलहाल पुलिस प्रशासन को आवेदन सौंप दिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।
Jehanabad News: Head clerk threatened with death after entering Civil Surgeon’s office, panic among employees



















