DW Samachar – Header
ब्रेकिंग

Jehanabad News: अंतरराष्ट्रीय मजदूर दिवस की पूर्व संध्या पर विचार गोष्ठी आयोजित


स्वामी सहजानंद सरस्वती महाविद्यालय में श्रम की गरिमा और श्रमिक अधिकारों पर हुआ मंथन

जहानाबाद के स्थानीय स्वामी सहजानंद सरस्वती महाविद्यालय में अंतरराष्ट्रीय मजदूर दिवस की पूर्व संध्या पर एक सारगर्भित और चिंतनपरक विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का आयोजन अर्थशास्त्र, दर्शनशास्त्र और राजनीति शास्त्र विभाग के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। कार्यक्रम के मुख्य आयोजक और अर्थशास्त्र विभागाध्यक्ष डॉ. कमल कुमार ने बताया कि गोष्ठी का उद्देश्य श्रम की गरिमा, श्रमिकों के अधिकारों और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान पर व्यापक चर्चा करना है।वोगोष्ठी का उद्घाटन करते हुए डॉ. विनोद कुमार राय ने कहा कि किसी भी देश की वास्तविक प्रगति उसके श्रमिक वर्ग की स्थिति और सम्मान पर निर्भर करती है। उन्होंने कहा कि श्रमिक केवल उत्पादन का साधन नहीं, बल्कि समाज की आर्थिक और सामाजिक संरचना के मजबूत स्तंभ हैं। उन्होंने असंगठित क्षेत्र की असुरक्षा, रोजगार की अनिश्चितता और सामाजिक सुरक्षा के अभाव जैसी चुनौतियों पर भी चिंता जताई।


प्रो. प्रवीण दीपक ने अपने संबोधन में कहा कि श्रम केवल आजीविका का साधन नहीं, बल्कि व्यक्ति की अस्मिता और आत्मसम्मान का आधार है। उन्होंने कहा कि जब तक श्रमिकों को समान अवसर, उचित वेतन और सुरक्षित कार्य परिस्थितियां नहीं मिलेंगी, तब तक समावेशी विकास संभव नहीं है। साथ ही उन्होंने विद्यार्थियों से श्रम के प्रति संवेदनशील बनने और सामाजिक न्याय के लिए आगे आने का आह्वान किया। इस अवसर पर डॉ. सूर्यदेव सिंह, डॉ. नम्रता कुमारी और डॉ. सुनीता तिवारी सहित अन्य वक्ताओं ने भी श्रमिकों की बदलती परिस्थितियों, श्रम कानूनों और वैश्वीकरण के प्रभावों पर अपने विचार रखे। सभी वक्ताओं ने एक स्वर में कहा कि श्रमिकों के अधिकारों की रक्षा और उनकी गरिमा का सम्मान ही एक मजबूत और समतामूलक समाज की नींव है। कार्यक्रम का संचालन डॉ. मधु सिंह ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन डॉ. राकेश कुमार ने प्रस्तुत किया। इस दौरान छात्रों—राहुल कुमार, इंद्रजीत कुमार, अमरेन्द्र कुमार, नौरीन फरजाना और लक्ष्मी कुमारी ने भी सक्रिय भागीदारी निभाते हुए अपने विचार साझा किए। यह गोष्ठी न केवल एक शैक्षणिक कार्यक्रम रही, बल्कि श्रम के महत्व और श्रमिकों के अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने का एक प्रभावी मंच भी साबित हुई। महाविद्यालय परिवार ने इस अवसर पर श्रम की गरिमा को स्थापित करने और श्रमिकों के अधिकारों की रक्षा के लिए निरंतर प्रयास करने का संकल्प दोहराया।

Jehanabad News: Seminar organized on the eve of International Labour Day

Barun Kumar
Author: Barun Kumar

Relates News