शनि, अप्रैल 4, 2026

Jehanabad News: शकूराबाद के रामाश्रय प्रसाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में लापरवाही, 9:40 बजे तक डॉक्टर-नर्स गायब


जहानाबाद जिले के शकूराबाद स्थित रामाश्रय प्रसाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में स्वास्थ्य व्यवस्था की गंभीर लापरवाही सामने आई है। शनिवार सुबह करीब 9:40 बजे तक अस्पताल में न तो डॉक्टर मौजूद थे और न ही नर्स, जिसके कारण इलाज कराने पहुंचे मरीजों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। मरीजों और उनके परिजनों के अनुसार, सुबह से ही कई लोग इलाज के लिए अस्पताल पहुंचे थे, लेकिन अस्पताल में कोई भी चिकित्सक या नर्स मौजूद नहीं थे। इस वजह से मरीजों को काफी देर तक इंतजार करना पड़ा और स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए।
बताया जा रहा है कि मामले की जानकारी जब जिलाधिकारी को दी गई तो उनके फोन कॉल के बाद डॉक्टर अस्पताल पहुंचे। हालांकि इसके बावजूद करीब 10:30 बजे तक नर्स अस्पताल से अनुपस्थित रहीं।
इस मामले को लेकर जब अस्पताल के प्रभारी रंजीत कुमार से सवाल किया गया तो वे नर्स की अनुपस्थिति के बारे में कोई स्पष्ट जवाब नहीं दे सके। उन्होंने यह भी नहीं बताया कि नर्स किस कारण से अस्पताल में मौजूद नहीं थीं। वहीं इस मामले में जब सिविल सर्जन कार्यालय से संपर्क किया गया तो वहां के प्रभारी अधिकारी ने बताया कि उन्हें भी इस घटना की जानकारी मिली थी। उन्होंने कहा कि सूचना मिलते ही संबंधित डॉक्टर को तुरंत सूचित किया गया और उनकी उपस्थिति अस्पताल में सुनिश्चित कराई गई। फिलहाल डॉक्टर अस्पताल में मौजूद हैं और मरीजों का इलाज किया जा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अस्पताल में अक्सर इस तरह की लापरवाही देखने को मिलती है, जिससे मरीजों को समय पर इलाज नहीं मिल पाता। लोगों ने स्वास्थ्य विभाग से इस पूरे मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।
गौरतलब है कि अस्पताल एक ऐसी जगह है जहां मरीजों के आने का कोई निश्चित समय नहीं होता। ऐसे में डॉक्टर और स्वास्थ्य कर्मियों की समय पर उपस्थिति बेहद जरूरी है, ताकि जरूरतमंद मरीजों को समय पर इलाज मिल सके। फिलहाल मामले को लेकर उच्च अधिकारियों से विस्तृत प्रतिक्रिया आना बाकी है। अब देखना होगा कि स्वास्थ्य विभाग इस लापरवाही पर क्या कार्रवाई करता है।

Jehanabad News: Negligence at Shakurabad’s Ramashraya Prasad Community Health Center, doctor and nurse missing till 9:40 am

AK
Author: AK

! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !

Relates News