जहानाबाद जिले के मखदूमपुर प्रखंड अंतर्गत केसमारा शिव मंदिर के समीप स्थित गुरुकुल प्रगति International School का भव्य उद्घाटन को समारोहपूर्वक किया गया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में क्षेत्र के गणमान्य लोगों, अभिभावकों और स्थानीय नागरिकों की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही। विद्यालय के उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में सुरेन्द्र प्रसाद यादव (सांसद, जहानाबाद) शामिल हुए। उन्होंने फीता काटकर विद्यालय का विधिवत उद्घाटन किया और विद्यालय परिसर का निरीक्षण भी किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि शिक्षा ही समाज को आगे बढ़ाने का सबसे सशक्त माध्यम है और ग्रामीण क्षेत्र में इस तरह के आधुनिक विद्यालय की स्थापना बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए बेहद महत्वपूर्ण पहल है। मुख्य अतिथि ने अपने संबोधन में कहा कि गुरुकुल प्रगति इंटरनेशनल स्कूल की शुरुआत से आसपास के ग्रामीण इलाकों के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा अपने ही क्षेत्र में उपलब्ध हो सकेगी। इससे अभिभावकों को अपने बच्चों को दूर-दराज के शहरों में भेजने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह विद्यालय शिक्षा के साथ-साथ बच्चों के सर्वांगीण विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के संस्थापक एवं प्रबंध निदेशक अभिवेक कुमार ने बताया कि इस विद्यालय का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को आधुनिक और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना है। यहां विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण, अनुशासन और आधुनिक सुविधाओं के साथ शिक्षा प्रदान की जाएगी, ताकि वे भविष्य में अपने लक्ष्य को प्राप्त कर सकें।
समारोह में स्वागतकर्ता के रूप में सांसद प्रतिनिधि ललन बुनियादिया और आर.के. सिंह (डायरेक्टर, कैटेलिस्ट मखदूमपुर) उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन विद्यालय परिवार द्वारा किया गया, जबकि कार्यक्रम व्यवस्था की जिम्मेदारी अविनाश कुमार (संस्थापक, आर.एल. लाइब्रेरी) ने संभाली।
उद्घाटन समारोह के दौरान उपस्थित अतिथियों ने विद्यालय की सराहना करते हुए कहा कि इस संस्थान की स्थापना से क्षेत्र के बच्चों को बेहतर शिक्षा और नई संभावनाओं का मार्ग मिलेगा। वहीं अभिभावकों ने भी उम्मीद जताई कि यह विद्यालय बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में अहम भूमिका निभाएगा।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार की ओर से सभी अतिथियों, अभिभावकों और उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त किया गया। साथ ही यह विश्वास जताया गया कि गुरुकुल प्रगति इंटरनेशनल स्कूल आने वाले समय में क्षेत्र में शिक्षा की नई पहचान बनेगा।
Jehanabad News: Grand inauguration of ‘Gurukul Pragati International School’, a new beginning in the field of education
Author: AK
! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !












