जहानाबाद बिहार विधान सभा के अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने जहानाबाद के विधायक राहुल कुमार को एक महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपते हुए उन्हें विधानसभा की प्राक्कलन समिति का सदस्य मनोनीत किया है।
जानकारी के अनुसार, विधायक राहुल कुमार को जिला परिषद एवं पंचायती राज समिति के स्थान पर प्राक्कलन समिति में शामिल किया गया है। यह मनोनयन वित्तीय वर्ष 2025–26 की शेष अवधि तथा वित्तीय वर्ष 2026–27 के लिए प्रभावी रहेगा।
प्राक्कलन समिति विधानसभा की अत्यंत महत्वपूर्ण समितियों में से एक मानी जाती है। इस समिति का मुख्य कार्य विभिन्न विभागों के बजटीय प्रावधानों और सरकारी व्यय के अनुमानों की समीक्षा करना होता है। साथ ही यह सुनिश्चित किया जाता है कि सार्वजनिक धन का उपयोग नियमानुसार और पारदर्शी तरीके से हो। आवश्यकता पड़ने पर समिति सरकार को सुधारात्मक सुझाव भी देती है।
ऐसे में विधायक राहुल कुमार का इस समिति में शामिल होना जहानाबाद जिले के लिए भी अहम माना जा रहा है। इससे जिले से जुड़े विकास कार्यों और वित्तीय आवश्यकताओं को राज्य स्तर पर प्रभावी ढंग से उठाने में मदद मिलेगी।
विधायक राहुल कुमार ने मनोनयन पर विधानसभा अध्यक्ष के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें जो दायित्व सौंपा गया है, उसका वे पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ निर्वहन करेंगे। उन्होंने कहा कि समिति के माध्यम से राज्य के विकास और जनहित से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाने का प्रयास करेंगे।
इस मनोनयन पर राजद नेताओं और समर्थकों में खुशी की लहर देखी गई। संजय यादव, धर्मपाल सिंह यादव, शशि रंजन उर्फ पप्पू, बैकुंठ यादव, रमेश यादव एवं शंकर शर्मा सहित कई नेताओं और कार्यकर्ताओं ने विधायक को बधाई देते हुए इसे जिले के लिए गौरव की बात बताया।
स्थानीय लोगों का मानना है कि प्राक्कलन समिति में सदस्य बनने से जहानाबाद की विकास योजनाओं और वित्तीय जरूरतों को राज्य सरकार के समक्ष प्रभावी रूप से प्रस्तुत किया जा सकेगा।
Jehanabad News: MLA Rahul Kumar becomes member of Estimates Committee, RJD leaders elated
Author: AK
! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !












