रवि, अप्रैल 5, 2026

Jehanabad News: फार्मासिस्ट व लैब टेक्नीशियन के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण आयोजित।

जहानाबाद। जीएनएम प्रशिक्षण संस्थान, जहानाबाद में फार्मासिस्ट एवं लैब टेक्नीशियन के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण एवं उन्मुखीकरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह प्रशिक्षण एकीकृत रोग निगरानी कार्यक्रम (IDSP) के अंतर्गत आयोजित हुआ, जिसमें जिले में संचालित विभिन्न रोग नियंत्रण कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण के दौरान क्षेत्र में फैलने वाली संक्रामक बीमारियों जैसे जापानी इंसेफेलाइटिस, टाइफाइड, डायरिया, मीजल्स एवं चिकन पॉक्स के लक्षण, पहचान, रिपोर्टिंग एवं समय पर जिला स्तर तक सूचना उपलब्ध कराने की प्रक्रिया पर विशेष चर्चा की गई। प्रशिक्षण का उद्देश्य बीमारियों की शीघ्र पहचान कर समय रहते निगरानी, निरोधात्मक एवं उपचारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करना बताया गया।
कार्यक्रम में सभी स्वास्थ्य संस्थानों से आए लैब टेक्नीशियन को निर्देश दिया गया कि प्रयोगशालाओं में की जाने वाली संक्रामक रोगों की जांच से संबंधित जानकारी निर्धारित समय-सीमा के भीतर पोर्टल पर शत-प्रतिशत एवं गुणवत्तापूर्ण तरीके से दर्ज करें। वहीं, फार्मासिस्टों को निर्देशित किया गया कि अपने संस्थान के ओपीडी एवं आईपीडी में पाए जाने वाले सभी संक्रामक रोगों की प्रविष्टि IHIP पोर्टल पर समय से एवं गुणवत्ता के साथ सुनिश्चित करें।
प्रशिक्षण सत्र में राज्य, जिला एवं प्रखंड स्तर पर होने वाली रैंकिंग व्यवस्था पर भी विस्तार से जानकारी दी गई। इस अवसर पर सिविल सर्जन, जहानाबाद ने उपस्थित प्रतिभागियों को निर्देश दिया कि एकीकृत रोग निगरानी कार्यक्रम के तहत प्रतिदिन की बीमारियों से संबंधित पी फॉर्म एवं एल फॉर्म की ऑनलाइन, समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण एंट्री नियमित रूप से सुनिश्चित की जाए। साथ ही उन्होंने कहा कि सभी स्वास्थ्य संस्थानों में दवाओं एवं जांच की सुविधा शत-प्रतिशत उपलब्ध रहना अनिवार्य है।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिले के सभी स्वास्थ्य संस्थानों से दवा काउंटर फार्मासिस्ट, भंडार फार्मासिस्ट एवं लैब टेक्नीशियन ने भाग लिया। कार्यक्रम का आयोजन सिविल सर्जन, जहानाबाद के निर्देशानुसार किया गया तथा संचालन जिला डाटा प्रबंधक, डीईओ एवं अन्य संबंधित कर्मियों द्वारा किया गया।

Jehanabad News: One day training organized for pharmacists and lab technicians.

AK
Author: AK

! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !

Relates News