संस्कृति मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पीटल की स्थापना सराहनीय : अवधेश नारायण सिंह
जहानाबाद राज्य के स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार मिलकर गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधाओं को आम आदमी तक आसानी से पहुँचाने के लिए पूरी गंभीरता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने घोषणा की कि अगले तीन वर्षों में बिहार में 42 नए मेडिकल कॉलेज खोले जाएंगे, जिससे राज्य में डॉक्टरों की संख्या बढ़ेगी और आम लोगों को बेहतर इलाज की सुविधा उपलब्ध होगी।
स्वास्थ्य मंत्री कूर्मा संस्कृति मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पीटल परिसर में आयोजित एक विशेष समारोह के उद्घाटन के बाद उपस्थित जनसमूह को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर विधान परिषद के सभापति अवधेश नारायण सिंह, पूर्व सांसद डॉ. जगदीश शर्मा, पूर्व सांसद चंदेश्वर चंद्रवंशी, पूर्व केंद्रीय मंत्री संजय पासवान, अरवल विधायक मनोज शर्मा, घोसी विधायक ऋतुराज कुमार, कुर्था विधायक पप्पू वर्मा, बक्सर विधायक आनंद मिश्रा तथा संस्था के चेयरमैन शंकर कुमार मंचासीन थे।
कार्यक्रम से पूर्व संस्था के एमडी ओम नारायण एवं डायरेक्टर डॉ. राहुल कुमार ने अतिथियों का स्वागत किया।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में पब्लिक और प्राइवेट सेक्टर—दोनों की भूमिका महत्वपूर्ण है। सरकार निजी क्षेत्र के सहयोग से राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करने के लिए निरंतर प्रभावी कदम उठा रही है। जटिल प्रक्रियाओं को सरल बनाकर हर वर्ष नए मेडिकल कॉलेजों को स्वीकृति दी जा रही है, ताकि राज्य में डॉक्टरों की मजबूत टीम तैयार हो सके और आम लोगों को इलाज में सहूलियत मिले।
कूर्मा मेडिकल कॉलेज में शीघ्र शुरू होगा आयुष्मान कार्ड से इलाज
मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आम जनता की स्वास्थ्य जरूरतों को लेकर बेहद संजीदा हैं। वर्ष 2014 के बाद देश में चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को नई दिशा मिली है। उनके विजन के अनुरूप मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार में स्वास्थ्य क्षेत्र में लगातार बेहतर कार्य हो रहा है।
उन्होंने बताया कि आयुष्मान भारत योजना के तहत पांच लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज दिया जा रहा है और कूर्मा संस्कृति मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पीटल में भी शीघ्र आयुष्मान कार्ड से इलाज की सुविधा शुरू की जाएगी। इसके लिए अस्पताल को इम्पैनल करने की प्रक्रिया जल्द पूरी करने के निर्देश अधिकारियों को दिए गए हैं।
सुदूर इलाके में मेडिकल कॉलेज की स्थापना साहसिक कदम
विधान परिषद के सभापति अवधेश नारायण सिंह ने कहा कि जहानाबाद जैसे सुदूरवर्ती क्षेत्र में मेडिकल कॉलेज की स्थापना एक साहसिक और दूरदर्शी निर्णय है। उन्होंने संस्था के चेयरमैन शंकर कुमार के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि यह पूरे क्षेत्र के लिए गर्व की बात है। साथ ही उन्होंने संस्थान के विकास के लिए सरकार से हरसंभव सहयोग की अपेक्षा जताई।
पूर्व सांसद डॉ. जगदीश शर्मा ने कहा कि मेडिकल कॉलेज और हॉस्पीटल की स्थापना कोई साधारण कार्य नहीं है। जहानाबाद जिले में इस तरह के उच्च स्तरीय संस्थान की शुरुआत जिलेवासियों के लिए गर्व का विषय है।
पूर्व सांसद चंदेश्वर चंद्रवंशी ने इसे क्रांतिकारी विकास कार्य बताते हुए संस्थान को हरसंभव सहयोग देने की बात कही। वहीं उपस्थित विधायकों ने भी मेडिकल कॉलेज की स्थापना को क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक कदम बताया।
फ्री मेडिकल कैंप में सैकड़ों मरीजों का हुआ स्वास्थ्य परीक्षण
समारोह के अवसर पर मेडिकल कॉलेज परिसर में फ्री हेल्थ कैंप का आयोजन भी किया गया। कैंप में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए करीब 500 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। मेडिकल कॉलेज प्रबंधन की ओर से मरीजों को मुफ्त दवाइयाँ और आवश्यक जांच सुविधाएँ उपलब्ध कराई गईं।
कार्यक्रम में आईएमए के पूर्व चेयरमैन एवं प्रख्यात सर्जन डॉ. सहजानंद शर्मा, जहानाबाद के सिविल सर्जन डॉ. हरिश्चंद्र चौधरी, औषधि विभाग के एडीसी नीरज कुमार मानस सहित बिहार के विभिन्न जिलों से आए दर्जनों विशेषज्ञ चिकित्सक मौजूद रहे। समारोह में जिले के सामाजिक संगठनों से जुड़े हजारों लोग भी उपस्थित थे।
Jehanabad News: 42 new medical colleges will open in the state in three years: Mangal Pandeykurma
Author: AK
! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !












