जहानाबाद जिले में सामाजिक सरोकारों को लेकर अब सोच और परंपराओं में सकारात्मक बदलाव साफ नजर आने लगा है। पहले जहां जन्मदिन या पुण्यतिथि जैसे अवसर निजी आयोजनों और सीमित दायरे तक सिमटे रहते थे, वहीं अब लोग इन्हें समाज सेवा से जोड़कर मानवीय संदेश दे रहे हैं। इसी कड़ी में नव निर्माण संस्थान के सचिव संजय शर्मा ने अपनी मां स्वर्गीय चिन्ता देवी की छठी पुण्यतिथि को सेवा और करुणा के भाव के साथ मनाते हुए जरूरतमंदों के बीच कंबल वितरण किया।
यह कार्यक्रम जहानाबाद जिले के नोनही पंचायत में आयोजित किया गया, जहां बड़ी संख्या में गरीब, असहाय और जरूरतमंद लोगों को ठंड से राहत पहुंचाने के उद्देश्य से कंबल वितरित किए गए। कंबल पाकर लाभार्थियों के चेहरों पर संतोष और खुशी साफ झलक रही थी। लोगों ने इस मानवीय पहल के लिए संजय शर्मा और नव निर्माण संस्थान का हृदय से आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर अपनी मां को स्मरण करते हुए नव निर्माण संस्थान के सचिव संजय शर्मा भावुक हो उठे। उन्होंने कहा कि मां का साया सिर से उठ जाना ऐसा दर्द है, जिसे शब्दों में बयां करना मुश्किल है। उन्होंने बताया कि उनकी मां हमेशा दूसरों की मदद और सेवा की प्रेरणा देती थीं, और उन्हीं के संस्कारों को आगे बढ़ाते हुए यह कार्य किया गया है। संजय शर्मा ने कहा कि समाज सेवा के ऐसे कार्य आगे भी निरंतर जारी रहेंगे, ताकि जरूरतमंदों के जीवन में थोड़ी-सी राहत और मुस्कान लाई जा सके।
कार्यक्रम में जनार्दन शर्मा, नोनही पंचायत के मुखिया मिथलेश यादव उर्फ पप्पू यादव, पूर्व जिला उपाध्यक्ष राम बाबू पासवान, पंचायत समिति सदस्य रविकांत शर्मा, रंजय शर्मा, केशरी नंदन सहित कई गणमान्य लोग एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। सभी ने इस पहल की मुक्त कंठ से सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज में मानवता, संवेदना और सहयोग की भावना को मजबूत करते हैं।
मौजूद लोगों का कहना था कि जब निजी दुख को समाज सेवा से जोड़कर मनाया जाता है, तो वह दूसरों के लिए प्रेरणा बन जाता है। नव निर्माण संस्थान की यह पहल न केवल जरूरतमंदों के लिए राहत का माध्यम बनी, बल्कि समाज को यह संदेश भी दिया कि सच्ची श्रद्धांजलि वही है, जो किसी के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला सके।
Jehanabad News: Message of service and condolences on the death anniversary of the mother of Sanjay Sharma, Secretary of Nav Nirman Sansthan, distribution of blankets among the needy
Author: AK
! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !












