सोम, अप्रैल 6, 2026

Jehanabad News: जिला शिक्षा पदाधिकारी का औचक निरीक्षण: जर्जर भवन को लेकर पूर्व प्रभारी से स्पष्टीकरण

जहानाबाद जिला शिक्षा पदाधिकारी सरस्वती कुमारी द्वारा जिले की शैक्षणिक व्यवस्था में सुधार और ‘क्वालिटी लर्निंग’ सुनिश्चित करने के उद्देश्य से लगातार विद्यालयों का औचक निरीक्षण किया जा रहा है। इसी कड़ी में आज उन्होंने काको प्रखंड स्थित नव सृजित प्राथमिक विद्यालय, चकहसन का सघन निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जहाँ शैक्षणिक स्तर पर संतोष व्यक्त किया गया, वहीं प्रशासनिक लापरवाही पर सख्त रुख अपनाया गया।

विद्यालय भवन की अत्यंत जीर्ण-शीर्ण और जर्जर स्थिति को गंभीरता से लेते हुए जिला शिक्षा पदाधिकारी ने पूर्व प्रभारी प्रधान शिक्षिका उर्मिला कुमारी के विरुद्ध कड़ा रुख अपनाया है। भवन के रखरखाव और समय रहते इसकी सूचना न देने को लेकर उनसे स्पष्टीकरण की मांग की गई है।

बच्चों की सुरक्षा को सर्वोपरि रखते हुए डीईओ ने प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी , काको को तत्काल निर्देशित किया कि वे विद्यालय की वस्तुस्थिति पर विस्तृत प्रतिवेदन सौंपें। उन्होंने निर्देश दिया कि बच्चों के पठन-पाठन के लिए अविलंब किसी नजदीकी सुरक्षित भवन में शिफ्टिंग की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

निरीक्षण के दौरान एक सकारात्मक पहलू भी सामने आया। विद्यालय के शिक्षक कुमार अविनाश द्वारा बच्चों को दी जा रही गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और उनके नवाचारी प्रयासों की डीईओ ने सराहना की।
निरीक्षण के दौरान डीईओ ने बच्चों के ज्ञान को परखने के लिए उनसे कई सवाल किए। प्राथमिक स्तर के बच्चों को फर्राटेदार अंग्रेजी की रीडिंग करते देख वह अत्यंत प्रभावित हुईं।

जिला शिक्षा पदाधिकारी ने सख्त लहजे में कहा कि कर्तव्य के प्रति लापरवाही किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने जिले के सभी शिक्षकों को स्पष्ट चेतावनी दी कि जो शिक्षक बच्चों के भविष्य के प्रति गंभीर नहीं हैं, उनके विरुद्ध कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
जहानाबाद शिक्षा विभाग जिले के हर बच्चे को सुरक्षित माहौल और बेहतरीन शिक्षा देने के लिए कटिबद्ध है।

Jehanabad News: District Education Officer’s surprise inspection: Clarification from former in-charge regarding dilapidated building

AK
Author: AK

! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !

Relates News