जहानाबाद जिले में आम जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से अब प्रत्येक सप्ताह सोमवार एवं शुक्रवार को जनता दरबार का आयोजन किया जाएगा। विभागीय निर्देश के आलोक में जिला पदाधिकारी अनिल कुमार सिन्हा की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित सभा कक्ष में जनता दरबार का आयोजन किया गया।
जिला पदाधिकारी के जनता दरबार में कुल 22 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें भूमि विवाद, भू-अर्जन, मुआवजा भुगतान, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, इंदिरा आवास सहित अन्य जनसमस्याओं से जुड़े मामले शामिल थे। वहीं, जिले के विद्युत आपूर्ति कार्यालयों में कुल 86 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 41 आवेदनों का त्वरित निष्पादन कर दिया गया।
जनता दरबार के दौरान प्राप्त सभी आवेदनों को संवेदनशीलता के साथ सुना गया और संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को मौके पर ही आवेदन सौंपते हुए अविलंब कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। जिला पदाधिकारी ने स्पष्ट किया कि अब नियमित रूप से सोमवार और शुक्रवार को जनता दरबार आयोजित होगा, जिससे आमजनों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जा सके।
जिला पदाधिकारी ने बताया कि जनता दरबार का आयोजन केवल जिला मुख्यालय पर ही नहीं, बल्कि अनुमंडल कार्यालयों, प्रखंड सह अंचल कार्यालयों तथा पंचायत स्तर पर भी किया जाएगा। अनुमंडल स्तर पर अनुमंडल पदाधिकारी, प्रखंड स्तर पर प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी, प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी, प्रखंड कल्याण पदाधिकारी, प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी, प्रखंड सहकारिता पदाधिकारी, प्रखंड कृषि पदाधिकारी, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी सहित अन्य प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी जनता दरबार में उपस्थित रहेंगे। पंचायत स्तर पर भी प्रतिनियुक्त पदाधिकारी एवं कर्मी आम लोगों की समस्याएं सुनेंगे।
आज के जनता दरबार में जिला पदाधिकारी के साथ उप विकास आयुक्त डॉ. प्रीति, अपर समाहर्ता सह जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी राजीव कुमार, अपर समाहर्ता (विशेष कार्यक्रम) तेज नारायण राय, अपर समाहर्ता (विभागीय जांच) विनय कुमार सिंह, जिला पंचायत राज पदाधिकारी सुजीत कुमार सिन्हा, सिविल सर्जन, निदेशक डीआरडीए रोहित कुमार मिश्रा, निदेशक एनईपी सुदर्शन कुमार, जिला योजना पदाधिकारी सुबोध कुमार, जिला विकास पदाधिकारी स्मृति, वरीय उप समाहर्ता होमा इरफान एवं नेहा, जिला कल्याण पदाधिकारी संजय कुमार, डीपीएम स्वास्थ्य, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी मनरेगा सहित अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।
प्रशासन ने सभी पदाधिकारियों को निर्देश दिया है कि प्राप्त आवेदनों पर गंभीरता से कार्रवाई करते हुए त्वरित निष्पादन सुनिश्चित किया जाए, ताकि आम जनता को समय पर राहत मिल सके।
Jehanabad News: Now public court will be held twice a week, hearing on Monday and Friday
Author: AK
! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !












