जहानाबाद शिक्षा को रोचक, प्रभावी और नवाचारपूर्ण बनाने की दिशा में एक सराहनीय पहल के तहत को गांधी स्मारक इंटर विद्यालय, जहानाबाद परिसर में जिला स्तरीय निपुण TLM मेला 3.0 का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। इस मेले में जिले के विभिन्न प्रखण्डों से चयनित उत्कृष्ट शिक्षकों ने अपने-अपने शिक्षण–अधिगम सामग्री (Teaching Learning Material) का प्रदर्शन किया।
मेले का मुख्य उद्देश्य कक्षा शिक्षण में टीएलएम के अधिकतम उपयोग को प्रोत्साहित करना, साथ ही स्थानीय स्तर पर उपलब्ध, टिकाऊ एवं कम लागत वाले शिक्षण संसाधनों के माध्यम से बच्चों की समझ को मजबूत बनाना रहा। प्रदर्शित टीएलएम न केवल रचनात्मक थे, बल्कि विद्यार्थियों में विषयगत अवधारणाओं को सरलता से विकसित करने में सहायक भी साबित हुए। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला शिक्षा पदाधिकारी श्रीमती सरस्वती कुमारी एवं जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (प्रारंभिक शिक्षा एवं सर्व शिक्षा अभियान) श्रीमती सुष्मिता भारद्वाज द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। उद्घाटन के उपरांत दोनों अधिकारियों ने सभी स्टॉलों का भ्रमण कर शिक्षकों द्वारा तैयार किए गए टीएलएम का अवलोकन किया और उनके नवाचार, मेहनत एवं समर्पण की प्रशंसा करते हुए प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।
निर्णायक मंडल द्वारा सभी प्रस्तुत टीएलएम का सूक्ष्म मूल्यांकन किया गया, जिसके पश्चात पांच उत्कृष्ट टीएलएम का चयन किया गया। चयनित प्रतिभागियों को आगामी राज्य स्तरीय निपुण TLM मेला में जिले का प्रतिनिधित्व करने हेतु नामित किया गया है।
राज्य स्तरीय मेले के लिए चयनित प्रतिभागी हैं—
प्रहलाद कुमार एवं मोहम्मद अहसनुल हक़ (हुलासगंज प्रखण्ड),
सारती कुमारी (रतनी फरीदपुर प्रखण्ड),
राहुल कुमार (जहानाबाद प्रखण्ड) एवं
सरोज कुमारी (मोदनगंज प्रखण्ड)।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शिक्षक एवं शिक्षा विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे। सभी ने इस आयोजन को शिक्षकों की सृजनात्मक क्षमता को मंच देने वाला तथा जिले में शिक्षा की गुणवत्ता को नई ऊंचाइयों तक ले जाने वाला प्रेरणादायक प्रयास बताया।
Jehanabad News: Grand celebration of district level Nipun TLM Mela 3.0, a glimpse of education adorned with innovation
Author: AK
! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !












