जहानाबाद मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान के खिलाफ विपक्षी महागठबंधन द्वारा बुलाए गए बिहार बंद का व्यापक असर जहानाबाद जिले में भी देखने को मिला। महागठबंधन से जुड़े सैकड़ों कार्यकर्ता सुबह से ही सड़कों पर उतर आए और पटना-गया मुख्य सड़क मार्ग समेत शहर के विभिन्न इलाकों में सड़क जाम कर दिया।
सड़क जाम के कारण जिले के कई क्षेत्रों में वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। यात्रियों को घंटों तक परेशानियों का सामना करना पड़ा। प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार और राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और चुनाव आयोग पर सरकार के इशारे पर काम करने का आरोप लगाया।
प्रदर्शनकारियों ने पटना-गया रेलखंड के जहानाबाद कोर्ट रेलवे स्टेशन पर भी जमकर प्रदर्शन किया। उन्होंने एक पैसेंजर ट्रेन के पास रेलवे ट्रैक पर उतरकर नारे लगाए और फोटो खिंचवाए। हालांकि मौके पर मौजूद रेल पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को समझा-बुझाकर ट्रैक खाली कराया, जिसके बाद ट्रेन को आगे रवाना किया गया।
इस दौरान छात्र राजद के नेता शैलेश कुमार यादव ने चुनाव आयोग पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि आयोग एनडीए सरकार के दबाव में आकर लाखों मतदाताओं के नाम वोटर लिस्ट से हटाने की साजिश कर रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर मांगें पूरी नहीं हुईं, तो आगे इससे भी बड़ा आंदोलन होगा।
बंद के दौरान कांग्रेस, भाकपा-माले, माकपा, भाकपा और वीआईपी पार्टी के कार्यकर्ता भी सड़कों पर उतरे। उन्होंने झंडा-बैनर लेकर बाजार बंद कराने की अपील की, जिसका असर बाजारों में भी दिखा। अधिकांश दुकानें बंद रहीं और सड़कों पर सन्नाटा छाया रहा।
स्थिति को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए थे। यातायात डीएसपी, नगर थाना प्रभारी, अनुमंडल पदाधिकारी समेत सभी वरीय अधिकारी लगातार हालात पर नजर रखे हुए थे। शहर के हर चौक-चौराहे पर सुरक्षा बल तैनात रहे और मोबाइल गश्ती भी जारी रही।
बंद के कारण आम लोगों को भारी परेशानी झेलनी पड़ी, लेकिन महागठबंधन के नेताओं ने साफ कर दिया कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, आंदोलन जारी रहेगा।
Jehanabad News: Bihar Bandh: Strong demonstration by Mahagathbandhan, attempt to block roads and trains, common people troubled
Author: AK
! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !












