DW Samachar – Header
BREAKING

Jehanabad News: एसएस कॉलेज में छह दिवसीय शिक्षक विकास कार्यक्रम शुरू, एआई के उपयोग पर होगा विशेष प्रशिक्षण

Jehanabad News: एसएस कॉलेज में छह दिवसीय शिक्षक विकास कार्यक्रम शुरू, एआई के उपयोग पर होगा विशेष प्रशिक्षण
InShot_20261127_101436368

कुलपति प्रो. दिलीप कुमार केसरी ने किया उद्घाटन, बोले- कृत्रिम मेधा शिक्षकों का विकल्प नहीं, बल्कि उनकी शैक्षणिक क्षमता बढ़ाने का सशक्त माध्यम

जहानाबाद। स्वामी सहजानंद महाविद्यालय (एसएस कॉलेज), जहानाबाद में गुरुवार को छह दिवसीय शिक्षक विकास कार्यक्रम का भव्य शुभारंभ हुआ। उच्च शिक्षा में कृत्रिम मेधा (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) और सूचना एवं संचार प्रौद्योगिकी के प्रभावी उपयोग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित इस कार्यक्रम में शिक्षकों को आधुनिक तकनीक के माध्यम से शिक्षण व्यवस्था को अधिक प्रभावी, रोचक और विद्यार्थी केंद्रित बनाने का प्रशिक्षण दिया जाएगा। कार्यक्रम 26 नवंबर से 1 दिसंबर तक चलेगा। इसका मुख्य विषय ‘उच्च शिक्षा में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एवं इन्फॉर्मेशन एंड कम्युनिकेशन टेक्नोलॉजी आधारित शिक्षण एवं अधिगम’ रखा गया है।

Digital Women Trust

कार्यक्रम का आयोजन यूजीसी-मालवीय मिशन शिक्षक प्रशिक्षण केंद्र, दक्षिण बिहार केंद्रीय विश्वविद्यालय, गया की ओर से बिहार लोक भवन स्थित कुलाधिपति कार्यालय और बिहार सरकार के उच्च शिक्षा विभाग के सहयोग से किया जा रहा है।

उद्घाटन समारोह के मुख्य वक्ता मगध विश्वविद्यालय, बोधगया के कुलपति प्रो. दिलीप कुमार केसरी ने कहा कि उच्च शिक्षा की गुणवत्ता केवल पाठ्यक्रम और शैक्षणिक संसाधनों पर निर्भर नहीं करती, बल्कि शिक्षकों की बौद्धिक सक्रियता, अनुसंधान के प्रति रुचि और बदलते समय के अनुरूप स्वयं को विकसित करने की क्षमता भी इसमें अहम भूमिका निभाती है। कृत्रिम मेधा और डिजिटल तकनीक के सही इस्तेमाल से शिक्षण की गुणवत्ता बढ़ाने के साथ अनुसंधान के नए अवसर भी विकसित किए जा सकते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम शिक्षकों को नई तकनीकों से जोड़ने और उच्च शिक्षा में अकादमिक उत्कृष्टता लाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।

कार्यक्रम के आयोजन सचिव प्रो. प्रवीण दीपक ने कहा कि कृत्रिम मेधा ने शिक्षा के क्षेत्र में व्यापक बदलाव की संभावनाएं पैदा की हैं। इसके माध्यम से ज्ञान के सृजन, विश्लेषण और प्रसार की प्रक्रिया को अधिक सरल और प्रभावी बनाया जा सकता है। हालांकि, तकनीक के बढ़ते उपयोग के बीच मानवीय विवेक, नैतिकता और आलोचनात्मक चिंतन को बनाए रखना भी जरूरी है। शिक्षकों को तकनीक का केवल उपयोगकर्ता नहीं, बल्कि उसका रचनात्मक और जिम्मेदार इस्तेमाल करने वाला मार्गदर्शक बनना होगा।

बिहार लोक भवन के फैकल्टी एक्सीलेंस एवं अकादमिक डेवलपमेंट एडवाइजर प्रो. बीके त्रिपाठी ने कहा कि शिक्षक किसी भी शिक्षा व्यवस्था की आधारशिला होते हैं। शिक्षकों के ज्ञान, दृष्टिकोण और शिक्षण कौशल में निरंतर सुधार से ही शिक्षा की गुणवत्ता बेहतर हो सकती है। कृत्रिम मेधा और सूचना-संचार प्रौद्योगिकी के माध्यम से कक्षाओं को अधिक संवादपरक और विद्यार्थी केंद्रित बनाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि नई तकनीकों का इस्तेमाल करते समय शैक्षणिक मूल्यों और अकादमिक ईमानदारी का विशेष ध्यान रखना चाहिए।

यूजीसी-मालवीय मिशन शिक्षक प्रशिक्षण केंद्र, दक्षिण बिहार केंद्रीय विश्वविद्यालय के निदेशक प्रो. तरुण कुमार त्यागी ने कार्यक्रम के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि शिक्षक प्रशिक्षण की सार्थकता तभी है, जब प्रशिक्षण से प्राप्त ज्ञान और कौशल का उपयोग कक्षा में भी दिखाई दे। इस कार्यक्रम के माध्यम से शिक्षकों को एआई आधारित उपकरणों, डिजिटल लर्निंग प्लेटफॉर्म और आधुनिक शिक्षण पद्धतियों के व्यावहारिक उपयोग की जानकारी दी जाएगी। साथ ही तकनीक के नैतिक और जिम्मेदार इस्तेमाल के प्रति भी जागरूक किया जाएगा। उन्होंने राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अनुरूप शिक्षकों के निरंतर प्रशिक्षण और क्षमता विकास को आवश्यक बताया।

मगध विश्वविद्यालय के कुलानुशासक प्रो. अंजनी कुमार घोष ने भी उच्च शिक्षा में अकादमिक अनुशासन, शिक्षकों के निरंतर ज्ञानवर्धन और बदलती तकनीक के अनुरूप शिक्षण पद्धतियों को विकसित करने पर जोर दिया।

महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) दीपक कुमार ने अध्यक्षीय संबोधन में कहा कि एसएस कॉलेज के लिए यह गौरव की बात है कि उसे उच्च शिक्षा में तकनीकी नवाचार और शिक्षकों की शैक्षणिक क्षमता बढ़ाने से जुड़े महत्वपूर्ण कार्यक्रम की मेजबानी का अवसर मिला है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में शिक्षा का उद्देश्य केवल विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान देना नहीं, बल्कि उनमें स्वतंत्र चिंतन, तार्किक क्षमता, रचनात्मकता और समस्याओं का समाधान करने की योग्यता विकसित करना भी है। इसमें कृत्रिम मेधा और सूचना-संचार तकनीक महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रशिक्षण में शामिल शिक्षक नई तकनीकों और शिक्षण विधियों को अपनाकर अपने संस्थानों में शिक्षा की गुणवत्ता को बेहतर बनाएंगे।

इन विषयों पर मिलेगा प्रशिक्षण

छह दिवसीय कार्यक्रम के दौरान शिक्षकों को कृत्रिम मेधा आधारित शिक्षण उपकरणों के इस्तेमाल, डिजिटल लर्निंग प्लेटफॉर्म, एआई की मदद से पाठ योजना तैयार करने, मूल्यांकन की आधुनिक पद्धतियों और आईसीटी आधारित शिक्षण का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके अलावा विद्यार्थियों में आलोचनात्मक चिंतन, रचनात्मकता, अनुसंधान के प्रति रुचि और समस्या समाधान की क्षमता विकसित करने के तरीकों पर भी चर्चा होगी। विद्यार्थी केंद्रित एवं समावेशी शिक्षा, बहुविषयक अध्ययन, शैक्षणिक ईमानदारी, डिजिटल नैतिकता और एआई के जिम्मेदार उपयोग जैसे विषय भी प्रशिक्षण का हिस्सा होंगे।

कार्यक्रम का उद्देश्य राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 की भावना के अनुरूप शिक्षकों को पारंपरिक व्याख्यान आधारित शिक्षण प्रणाली से आगे बढ़ाकर सहभागितापूर्ण और आधुनिक शिक्षण पद्धतियों से जोड़ना है। सह नोडल पदाधिकारी डॉ. दिव्या मिश्रा ने भी प्रशिक्षण में शामिल शिक्षकों का मार्गदर्शन किया।

कुलपति ने परीक्षा केंद्र का भी किया निरीक्षण

कार्यक्रम के दौरान मगध विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. दिलीप कुमार केसरी ने महाविद्यालय में संचालित स्नातक तृतीय सेमेस्टर की परीक्षा का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने परीक्षा केंद्र पर उपलब्ध व्यवस्थाओं और परीक्षा संचालन का जायजा लिया। उन्होंने कदाचारमुक्त परीक्षा संचालन पर संतोष जताते हुए संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में डॉ. विनोद कुमार राय, डॉ. स्नेहा स्वरूप, डॉ. प्रतीक कुमार दास, डॉ. सुजय मुखोपाध्याय सहित अन्य शिक्षकों और आयोजन समिति के सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्यक्रम का संचालन डॉ. प्रीति रानी ने किया।

Jehanabad News: Six-day Faculty Development Programme begins at SS College; will include special training on the use of AI.

Barun Kumar
Author: Barun Kumar

Relates News

Advertisement

Rudra enterprises - Devanshu Deepak Jehanabad
⚡ लाइव अपडेट
खबरें लोड हो रही हैं…

लेटेस्ट न्यूज़