जहानाबाद के टेहेटा हाई स्कूल में अधिवक्ता रमेश कुमार की टीम ने विद्यार्थियों को किया जागरूक, बाल विवाह की सूचना देने के लिए हेल्पलाइन नंबर भी जारी
जहानाबाद। समाज से बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति को जड़ से समाप्त करने के उद्देश्य से जिले में 100 दिवसीय ‘बाल विवाह मुक्त भारत अभियान’ के तहत जागरूकता कार्यक्रम चलाया जा रहा है। जिला विधिक सेवा प्राधिकार एवं व्यवहार न्यायालय, जहानाबाद के तत्वावधान में संचालित इस अभियान के माध्यम से जिले के विभिन्न स्कूलों में छात्र-छात्राओं को बाल विवाह के दुष्परिणामों और इससे जुड़े कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी जा रही है। इसी क्रम में शुक्रवार को जहानाबाद के टेहेटा हाई स्कूल में अधिवक्ता रमेश कुमार की टीम ने विद्यार्थियों के बीच जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया।
इस दौरान अधिवक्ता रमेश कुमार ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि वे पेशे से अधिवक्ता हैं और आज विद्यार्थियों के बीच कानून से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां साझा करने आए हैं, ताकि बच्चे अपने अधिकारों और कानूनी प्रावधानों को समझ सकें। उन्होंने कहा कि पहले की तुलना में बाल विवाह की घटनाओं में कमी जरूर आई है, लेकिन यह कुरीति अभी पूरी तरह समाप्त नहीं हुई है। इसे समाज से जड़ से मिटाने के लिए सभी लोगों को आगे आना होगा। इसी उद्देश्य से स्कूलों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं और आगे भी यह अभियान जारी रहेगा।
उन्होंने बताया कि कानून के अनुसार, विवाह के लिए लड़की की न्यूनतम उम्र 18 वर्ष और लड़के की न्यूनतम उम्र 21 वर्ष निर्धारित है। इससे कम उम्र में विवाह करना बाल विवाह की श्रेणी में आता है और यह कानूनन अपराध है। उन्होंने बच्चों को समझाया कि कम उम्र में शादी होने से उनकी शिक्षा बाधित होती है। कम उम्र में ही पारिवारिक जिम्मेदारियां बढ़ जाती हैं, जिससे बच्चों का शारीरिक और मानसिक विकास भी प्रभावित होता है। खासकर कम उम्र में लड़कियों की शादी होने से उनके स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है और उन्हें कई तरह की शारीरिक परेशानियों का सामना करना पड़ता है। अधिवक्ता ने विद्यार्थियों से अपील की कि वे खुद जागरूक बनें और अपने माता-पिता एवं परिवार के अन्य सदस्यों को भी बाल विवाह के खिलाफ जागरूक करें। उन्होंने कहा कि बच्चों की पढ़ाई का उद्देश्य उन्हें आत्मनिर्भर बनाना, अपने पैरों पर खड़ा करना तथा परिवार और जिले का नाम रोशन करना है। ऐसे में कम उम्र में विवाह उनकी शिक्षा और भविष्य के रास्ते में बड़ी बाधा बन सकता है। उन्होंने बताया कि यदि किसी बच्चे या बच्ची का कम उम्र में विवाह कराया जा रहा हो तो इसकी सूचना नजदीकी थाना, संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों या हेल्पलाइन के माध्यम से दी जा सकती है। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखने का भी प्रावधान है। इसके लिए चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 और राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण का टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 15100 जारी किया गया है। इन नंबरों पर संपर्क कर बाल विवाह से संबंधित सूचना या कानूनी सहायता प्राप्त की जा सकती है। उन्होंने कहा कि बाल विवाह रोकना केवल प्रशासन या कानून की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें समाज के प्रत्येक व्यक्ति की भूमिका महत्वपूर्ण है। बच्चों को भी अपने आसपास होने वाले ऐसे मामलों के प्रति सजग रहना चाहिए और समय रहते इसकी सूचना संबंधित अधिकारियों तक पहुंचानी चाहिए। कार्यक्रम के दौरान अधिवक्ता रमेश कुमार ने संविधान दिवस के अवसर पर भारतीय संविधान के महत्व, मौलिक अधिकारों और कर्तव्यों के बारे में भी विद्यार्थियों को जानकारी दी। उन्होंने बच्चों को संविधान के प्रति आस्था और निष्ठा बनाए रखने की शपथ दिलाई। कार्यक्रम के अंत में रमेश कुमार ने कहा कि स्कूल के बच्चों के बीच कानून और सामाजिक कुरीतियों से जुड़ी बातें साझा कर उन्हें काफी खुशी हुई। विद्यार्थियों ने भी पूरे ध्यान से उनकी बातों को सुना और बाल विवाह जैसी कुरीति को समाप्त करने के प्रति जागरूक रहने का संकल्प लिया। उन्होंने कहा कि जिले के विभिन्न स्कूलों में यह अभियान चलाया जा रहा है, ताकि बच्चों के माध्यम से परिवार और समाज तक जागरूकता का संदेश पहुंचे और जहानाबाद सहित पूरे देश को बाल विवाह मुक्त बनाने के लक्ष्य को साकार किया जा सके।
Jehanabad News: Awareness campaign against child marriage conducted in schools; children informed about legal provisions



















