जहानाबाद, बिहार जनता दल यूनाइटेड के वरिष्ठ नेता जयप्रकाश नारायण चंद्रवंशी ने एक बयान जारी कर कहा है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार ने न्याय के साथ समग्र विकास का रास्ता अपनाया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना की राशि को ₹400 से बढ़ाकर ₹1100 प्रति माह कर देना उनकी समाजिक संवेदनशीलता और सोच का परिचायक है।
चंद्रवंशी ने कहा कि आज बिहार का इन्फ्रास्ट्रक्चर तेज़ी से विकसित हुआ है। उन्होंने विशेष रूप से पटना का मरीन ड्राइव, सिपारा से माहुली एलिवेटेड पथ, अशोक राजपथ पर डबल डेकर रोड, कच्ची दरगाह–विदुरपुर से राघोपुर तक एलिवेटेड रोड सह गंगा नदी पर पुल का निर्माण और पटना से जहानाबाद, गया, डोभी तक फोर लेन सड़क जैसी परियोजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इससे लोगों का आवागमन आसान हुआ है और यातायात के साधनों में सहजता आई है।
जहानाबाद के विकास पर बोलते हुए उन्होंने राजाबाजार अंडरपास, सदर अस्पताल का निर्माण, मेडिकल कॉलेज अस्पताल की घोषणा, इंजीनियरिंग कॉलेज की स्थापना, तथा पिछड़ा एवं अति-पिछड़ा वर्ग बालिका छात्रावास जैसे कार्यों को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के दूरदर्शी नेतृत्व का परिणाम बताया।
चंद्रवंशी ने कहा कि महिलाओं को शिक्षित एवं संगठित कर उन्हें सशक्त बनाने के लिए राज्य सरकार ने जीविका, सेविका, सहायिका, आशा, ममता, तालिम मरकज़ जैसी योजनाएं चलाई हैं। साथ ही पंचायती राज व्यवस्था और सरकारी नौकरियों में आरक्षण देकर उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ा है। इसका परिणाम है कि आज बिहार की महिलाएं शिक्षित, आत्मनिर्भर और सामाजिक परिवर्तन की अग्रदूत बन रही हैं।
उन्होंने बताया कि सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के तहत अब राज्य के एक करोड़ नौ लाख उनहत्तर हजार दो सौ पचपन (1,09,69,255) लाभार्थियों को यह राशि हर महीने की 10 तारीख को सीधे उनके बैंक खाते में भेजी जाएगी, जो शासन की पारदर्शिता और प्रभावशीलता को दर्शाता है।
अंत में चंद्रवंशी ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को सामाजिक न्याय का प्रणेता बताते हुए उनके प्रति आभार व्यक्त किया और कहा कि यह विकास का मॉडल आने वाली पीढ़ियों के लिए मार्गदर्शक साबित होगा।
Jehanabad News: Chief Minister Nitish Kumar developed the society with justice: JDU leader Jayaprakash Narayan Chandravanshi
Author: AK
! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !












