वजन में कटौती, अनाज में हेराफेरी और तानाशाही रवैये की अनुमंडल पदाधिकारी से की गई शिकायत
जहानाबाद जन वितरण प्रणाली (PDS) के तहत उपभोक्ताओं को मिलने वाले अनाज में अनियमितता, तानाशाही रवैया और मनमानी के खिलाफ फुटपाथ दुकानदार संघ के जिला अध्यक्ष अरविंद कुमार चोपड़ा ने अनुमंडल पदाधिकारी से मिलकर विस्तृत शिकायत दर्ज कराई।
चोपड़ा ने बताया कि राज्य सरकार द्वारा निर्देशित यह व्यवस्था की गई है कि सभी कार्डधारकों को एक माह में दो बार फिंगरप्रिंट सत्यापन के आधार पर राशन की आपूर्ति की जाएगी। परंतु जहानाबाद शहर के अधिकांश PDS दुकानदार उपभोक्ताओं से दो बार बायोमेट्रिक सत्यापन कराने के बावजूद केवल एक बार का ही राशन प्रदान कर रहे हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि दुकानदारों द्वारा प्रति उपभोक्ता हर माह लगभग 2 किलोग्राम अनाज की कटौती की जा रही है। इतना ही नहीं, अधिकतर डीलर अपने स्थायी दुकानों की जगह अस्थायी घरों से वितरण कर रहे हैं, जिससे अनाज की हेरा-फेरी को बढ़ावा मिल रहा है।
शिकायत में यह भी कहा गया है कि उपभोक्ताओं को रसीदें नहीं दी जातीं, जिससे वे प्राप्त अनाज की मात्रा का मिलान नहीं कर पाते। जब उपभोक्ता इसका विरोध करते हैं तो उनके साथ दबंगई और दुर्व्यवहार किया जाता है।
अरविंद चोपड़ा ने आरोप लगाया कि इस पूरे सिस्टम में कुछ अधिकारियों की मिलीभगत से इंकार नहीं किया जा सकता और यदि समय रहते सख्त कदम नहीं उठाए गए तो यह गड़बड़ी और व्यापक रूप ले सकती है।
उन्होंने अनुमंडल पदाधिकारी से मांग की कि मामले की उच्चस्तरीय जांच कराते हुए दोषी दुकानदारों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए ताकि आम जनता को उनका हक सही तरीके से मिल सके।
फुटपाथ दुकानदार संघ द्वारा इस विषय पर प्रेस विज्ञप्ति जारी कर, आम जनता और प्रशासन को जानकारी दी गई है, और प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई की उम्मीद जताई गई है।
Jehanabad News: The footpath shopkeepers association raised its voice over irregularities in the public distribution system
Author: AK
! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !












