जहानाबाद: समाज कल्याण विभाग, बिहार सरकार द्वारा संचालित मुख्यमंत्री निशक्तजन विवाह प्रोत्साहन अनुदान योजना एवं मुख्यमंत्री अंतरजातीय विवाह प्रोत्साहन अनुदान योजना के तहत सामाजिक समरसता और समानता को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इन योजनाओं का उद्देश्य दिव्यांग और अंतरजातीय विवाह करने वाले युगलों को आर्थिक सहयोग प्रदान कर समाज में समावेशिता और सम्मान का वातावरण तैयार करना है।
इसी कड़ी में आज दिनांक 29 मई 2025 को जहानाबाद की जिला पदाधिकारी श्रीमती अलंकृता पाण्डेय द्वारा मुख्यमंत्री निशक्तजन विवाह प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत मोदनगंज प्रखंड के विशुनपुर ओकरी पंचायत निवासी सोनू कुमार और उनकी पत्नी नीलू अनिल दुबे को ₹1,00,000 का सावधि जमा प्रमाण पत्र सौंपा गया। यह प्रोत्साहन राशि उनके विशेष विवाह को सम्मानित और सशक्त बनाने हेतु राज्य सरकार की ओर से प्रदान की गई।
जिले में योजनाओं की उपलब्धियाँ:
जहानाबाद जिले में अब तक:
- 48 दिव्यांग युगलों को निशक्तजन विवाह प्रोत्साहन योजना के तहत लाभ दिया जा चुका है।
- 39 अंतरजातीय विवाह करने वाले युगलों को भी अनुदान राशि प्रदान की गई है।
मुख्यमंत्री निशक्तजन विवाह प्रोत्साहन योजना की प्रमुख विशेषताएँ:
- वर या वधु में से किसी एक का कम से कम 40% दिव्यांग होना अनिवार्य।
- युगल में से किसी एक का बिहार राज्य का स्थायी निवासी होना जरूरी।
- विवाह की तिथि से 2 वर्ष के भीतर आवेदन किया जाना चाहिए।
- अनुदान की राशि:
- किसी एक के दिव्यांग होने पर – ₹1,00,000
- दोनों के दिव्यांग होने पर – ₹2,00,000
- दोनों के दिव्यांग और अंतरजातीय विवाह होने पर – ₹3,00,000
- आय सीमा नहीं है, जिससे अधिकाधिक पात्र युगल लाभान्वित हो सकें।
मुख्यमंत्री अंतरजातीय विवाह प्रोत्साहन योजना की प्रमुख बातें:
- यह योजना अंतरजातीय विवाह करने वाले युगलों के लिए है।
- आवेदन विवाह के 2 वर्षों के भीतर किया जा सकता है।
- लाभ के रूप में ₹1,00,000 की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाती है।
- इस योजना में भी कोई आय सीमा नहीं निर्धारित है।
जिला पदाधिकारी अलंकृता पाण्डेय ने जिले के सभी पात्र युगलों से अपील की है कि वे इन कल्याणकारी योजनाओं के तहत निर्धारित समय सीमा में आवेदन करें और योजनाओं का लाभ उठाएं। उन्होंने कहा कि ये योजनाएँ न केवल सामाजिक न्याय और समानता की दिशा में सशक्त कदम हैं, बल्कि आर्थिक संबल और आत्मसम्मान का भी माध्यम बन रही हैं।
Jehanabad News: Marriage incentive schemes are giving a new dimension to inclusiveness and respect in society
Author: AK
! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !












