
केंद्र सरकार में केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह अपने हिंदूवादी छवि की वजह से सुर्खियों में बने रहते हैं। आब गिरिराज सिंह बिहार में आज से हिंदू स्वाभिमान यात्रा निकालने जा रहे हैं। उनके इस यात्रा को लेकर भाजपा और जेडीयू ने आपत्ति जताई है। केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह शुक्रवार से बिहार में हिंदू स्वाभिमान यात्रा की शुरुआत करने वाले हैं। पहले चरण में यह यात्रा सीमांचल में भागलपुर से शुरू होकर कटिहार, पूर्णिया, अररिया और 22 अक्टूबर को किशनगंज पहुंचकर खत्म होगी। इसका उद्देश्य हिंदुओं को एकजुट करना है, विशेष रूप से उन्हें जातिगत विभाजन से बचाने का संदेश देना। गिरिराज सिंह ने कहा कि अगर हिंदू एकजुट नहीं होते, तो उन्हें पड़ोसी देशों में हो रहे अत्याचारों का सामना करना पड़ेगा। उन्होंने विशेष रूप से बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे अत्याचारों की ओर इशारा किया और हिंदू एकता की आवश्यकता पर बल दिया। हालांकि गिरिराज की यात्रा का जेडीयू और पप्पू यादव ने विरोध किया है। बीजेपी ने कहा है कि यह यात्रा पार्टी की ओर से नहीं है। गिरिराज सिंह की यह निजी यात्रा है। जेडीयू नेता श्रवण कुमार ने कहा कि यात्रा से सामाजिक सौहार्द बिगड़ने की आशंका है। पार्टी ने साफ कर दिया है कि वह इस यात्रा का किसी भी रूप में समर्थन नहीं करेगी। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की पार्टी ने जेडीयू ने इस यात्रा पर आपत्ति जताई है। वहीं, पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव ने तो गिरिराज सिंह को चेतावनी दे दी है। उन्होंने कहा कि अगर कोसी और सीमांचल का अमन एवं सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश की गई, तो गिरिराज को उनकी लाश से होकर गुजरना होगा।वहीं, केंद्रीय मंत्री गिरिराज ने गुरुवार को कहा कि यह बीजेपी या जेडीयू या किसी पार्टी की यात्रा नहीं है। वह हिंदू बनकर जा रहे हैं। इसके जरिए वे हिंदुओं को जागृत करके एकजुट करेंगे। भागलपुर स्थित सर्किट हाउस में मीडिया से बातचीत में कहा कि भारत और खासकर बिहार में डेमोग्राफी चेंज हो रही है। 1951 के बाद जो स्थिति थी, उसके अनुसार भागलपुर, कटिहार, पूर्णिया जैसे जिलों में हिंदुओं की आबादी गिरती जा रही है। उन्होंने दावा किया कि देश के 400 जिलों के 1600 जगहों पर एक विशेष वर्ग की आबादी बढ़ी है। गिरिराज ने कहा कि जब तक उनके शरीर में खून है यह यात्रा निकलकर रहेगी।
Author: AK
! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !












