
जम्मू कश्मीर में दूसरे चरण विधानसभा चुनाव के लिए सोमवार को जनसभा करने पुंछ पहुंचे राहुल गांधी ने मोदी सरकार पर जमकर निशाना साधा। नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने कहा कि आज विपक्ष जो भी करवाना चाहता है, वही होता है। मोदी सरकार कानून लाती है, हम उनके सामने खड़े हो जाते हैं, फिर वे यू-टर्न ले लेती है। राहुल गांधी ने कहा कि पीएम मोदी का कॉन्फिडेंस खत्म हो चुका है। उनकी साइकोलॉजी को हमने तोड़ दिया है। पीएम मोदी पहले जैसे थे, वे अब वैसे नहीं रहे। हमने पीएम मोदी को साइकोलॉजिकली तोड़ दिया है। कांग्रेस नेता ने कहा कि भाजपा-आरएसएस के लोग पूरे देश में नफरत और हिंसा फैलाते हैं। ये पूरे देश में भाई को भाई से लड़ाते हैं। इनकी राजनीति भी नफरत की है। हम सब जानते हैं कि नफरत को नफरत से नहीं काटा जा सकता है। नफरत को सिर्फ मोहब्बत से ही खत्म किया जा सकता है। राहुल गांधी ने आगे कहा कि नरेंद्र मोदी ने पूरे देश में बेरोजगारी फैला रखी है। ये केवल देश के दो-तीन अरबपतियों को फायदा पहुंचाते हैं। एक तरफ मोदी सरकार ने चंद अरबपतियों का 16 लाख करोड़ का कर्ज माफ कर दिया। दूसरी तरफ नोटबंदी और गलत जीएसटी लागू कर छोटे व्यापारियों और एमएसएमई को खत्म कर दिया। इसका नतीजा ये हुआ कि आज देश में कहीं भी रोजगार नहीं बन पा रहे हैं। राहुल गांधी ने कहा, “भारत में एक केंद्र शासित प्रदेश (यूटी) को बदलकर राज्य बना दिया गया है। एक राज्य के दो हिस्से भी कर दिए गए हैं। लेकिन भारत के इतिहास में पहली बार यहां एक राज्य को बदलकर केंद्र शासित प्रदेश (यूटी) बना दिया गया है। आपसे आपका लोकतांत्रिक अधिकार छीन लिया गया है। इसलिए हमारी पहली मांग है कि एक बार फिर आपको राज्य का दर्जा दिया जाए।” इस दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी श्रीनगर भी पहुंचे हैं। यहां वे कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष तारिक हमीद कर्रा के लिए समर्थन मांगेंगे। जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव के दूसरे फेज के लिए प्रचार अभियान आज ही खत्म हो रहा है। 25 सितंबर को 26 सीटों के लिए वोटिंग होगी।
यह भी पढ़े: इलेक्टोरल बॉन्ड के माध्यम से राजनीतिक पार्टियों को मिलने वाले चुनावी चंदे पर सुप्रीम कोर्ट ने लगाई रोक
Author: AK
! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !












