
उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में 13 जनवरी से शुरू हुए महाकुंभ अब समापन की ओर आ गया है। चार दिन बाद महाशिवरात्रि के दिन कुंभ का विधवत समापन हो जाएगा। सरकार के आंकड़ों के अनुसार अब तक महाकुंभ में 59 करोड़ से अधिक लोग डुबकी लगा चुके हैं। जब कुंभ की शुरुआत हुई थी तब प्रयागराज वासियों ने बाहर से आए श्रद्धालुओं का खूब स्वागत किया था। लेकिन धीरे-धीरे बेतहाशा भीड़ लोगों के लिए ही मुसीबत बन गई। शहर के जो लोग पहले आवभगत और स्वागत में लगे हुए थे अब सोच रहे हैं कि जल्दी ही मेला खत्म हो और शहर में सुकून मिले। प्रयागराज के सभी चौराहों, रेलवे स्टेशन और बस स्टेशनों पर तीर्थ यात्रियों की भारी भीड़ है। जिसकी वजह से पूरा शहर कई दिनों से भीषण जाम में जकड़ा हुआ है। इस कुंभ के आयोजन को लेकर उत्तर प्रदेश की यूपी सरकार गदगद है वहीं प्रयागराज के लाखों लोग शहर में उमड़ी लाखों की भीड़ से परेशान भी हो गए हैं। करीब डेढ़ महीने से प्रयागराज में रहने वाले लोगों ने ऐसा जाम जीवन में पहली बार ही देखा है। महाकुंभ की वजह से पूरा प्रयागराज अस्त-व्यस्त नजर आ रहा है। लोग घरों में सिमट कर रह गए हैं। जगह–जगह बैरिकेडिंग से लोग अपने रोजाना के काम भी नहीं कर पा रहे हैं। अमृत स्नान निपटने के बाद ऐसा माना जा रहा था कि अब शहर में भीड़ कम होगी, लेकिन ऐसा नहीं हो रहा है। रोजाना एक करोड़ से ज्यादा श्रद्धालु आ रहे हैं। कुंभ के समापन का प्रयागराज और आसपास क्षेत्र के निवासी जल्द खत्म होने का इंतजार करने लगे हैं। शहर में एक चौराहे से दूसरे चौराहे तक जाने में लोगों को 4 से 5 घंटे लग रहे हैं। साथ ही रोजमर्रा के सामान जैसे दूध, ब्रेड मिलने में भी बहुत दिक्कत हो रही है। यूपी बोर्ड ने 24 फरवरी को होने वाली 10वीं-12वीं की परीक्षा रद कर दी है। उस दिन की परीक्षा बाद में कराई जाएगी। शहर के लगभग सभी स्कूल बंद हैं। दो महीने से यही स्थिति है। ऑनलाइन क्लास चल रही हैं। यहां तक कि परीक्षा छूटने पर दूसरी डेट में कराने की प्रशासन ने घोषणा की है। कॉलेज और यूनिवर्सिटी में समय पर छात्र और टीचर नहीं पहुंच पा रहे हैं। इसकी वजह से पढ़ाई पर असर पड़ रहा है।आखिरी वीकेंड पर प्रयागराज में एंट्री पॉइंट से लेकर शहर के अंदर तक भीषण जाम लगा है। लोगों को 500 मीटर की दूरी तय करने में करीब दो से तीन घंटे का समय लग रहा है। प्रयागराज पहुंचने वाली गाड़ियों को संगम से 10 किलोमीटर पहले रोका जा रहा है। उसके बाद की दूरी लोगों को पैदल ही तय करनी पड़ रही है।
यह भी पढ़े: TRAI ने जारी किए नए सिम कार्ड Rule, अब नहीं करवाना पड़ेगा महंगा रिचार्ज, यहां देखें पूरी डिटेल्स
महाकुंभ का आज 41वां दिन, हर दिन श्रद्धालुओं का उमड़ रहा हूजूम–

महाकुंभ का आज 41वां दिन है। मेला खत्म होने में 4 दिन और बचे हैं। सीएम योगी आज नौ घंटे महाकुंभ में रहेंगे। महाशिवरात्रि स्नान की तैयारियां देखेंगे। प्रयागराज में दुनिया का सबसे बड़ा धार्मिक सांस्कृतिक समागम महाकुंभ मेला चल रहा है। जहां स्नान के लिए हर दिन श्रद्धालुओं का हुजूम उमड़ रहा है। महाकुंभ में अब तक 5 शाही स्नान हो चुके हैं। 26 फरवरी को महाशिवरात्रि के दिन महाकुंभ का आखिरी स्नान होगा। इस दिन भी भारी संख्या में श्रद्धालुओं के आने की संभावना है। आखिरी स्नान के पूरे होने के साथ महाकुंभ मेले का समापन हो जाएगा। महाकुंभ में आमतौर पर माघी पूर्णिमा के बाद भीड़ कम हो जाती है। लेकिन इस बार माघी पूर्णिमा स्नान के बाद भी बड़ी संख्या में लोग महाकुंभ स्नान के लिए पहुंच रहे हैं। वीकेंड में खासतौर पर लोगों की भारी भीड़ उमड़ रही है। इस कारण प्रयागराज में जगह-जगह जाम की स्थिति देखने को मिल रही है। इसके अलावा प्रयागराज आने वाली ट्रेनों में भी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिल रही है। उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह और पुलिस महानिदेशक प्रशांत कुमार ने आगामी 26 फरवरी को महाकुंभ के अंतिम स्नान पर्व महाशिवरात्रि की तैयारियों की शुक्रवार को समीक्षा की। मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह ने कहा, हम बेहतर यातायात नियंत्रण, भीड़ प्रबंधन और अंतिम स्नान के साथ ही सप्ताहांत यानी शनिवार एवं रविवार के लिए व्यवस्था कर रहे हैं। हम लगातार प्रयास कर रहे हैं कि श्रद्धालुओं को किसी तरह की असुविधा ना हो। उन्होंने कहा, हमने मेले में पांटून पुल, नदी में जल की मात्रा आदि देखी। गंगा नदी में अभी 11,000 क्यूसेक पानी है और यमुना में लगभग 9,000 क्यूसेक पानी है। आगामी स्नान पर्व के लिए गंगा में पानी बढ़ाने की व्यवस्था की जा रही है।
Author: AK
! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !



















