
गुरुवार को रेल मंत्रालय की कमान संभालते ही रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बड़े बदलाव का एलान कर दिया है। रेलमंत्री की घोषणा के मुताबिक, मंत्रालय से जुड़े विभाग के कर्मचारी और अधिकारी अब दो शिफ्टों में काम करेंगे।
रेल, संचार एवं इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री कार्यालय ने इसके संदर्भ में नोट जारी किया है जिसमें उन्होंने कहा है कि रेलमंत्री के निर्देश के अनुसार तत्काल प्रभाव से मंत्रालय के सभी स्टाफ दो शिफ्ट में काम करेंगे।
इसके लिए पहली शिफ्ट सुबह 7 बजे से शुरू होगी और शाम 4 बजे तक चलेगी और दूसरी शिफ्ट दोपहर बाद 3 बजे से शुरू होकर देर रात 12 बजे तक चलेगी। रेलवे बोर्ड के अधिकारी ने स्पष्ट किया कि इस आदेश के अनुसार सिर्फ मंत्री सेल के लोग आएंगे। निजी और रेलवे स्टाफ पहले की तरह ही काम करेंगे।
बता दें की अश्विनी वैष्णव अपने बुनियादी ढांचे में सार्वजनिक निजी भागीदारी की रूपरेखा बनाने और उस पर अमल के लिए जाने जाते हैं। अश्विनी वैष्णव ने बृहस्पतिवार को सुबह रेल मंत्रालय का कार्यभार संभालने के बाद कहा, रेलवे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन का अहम हिस्सा है। रेलवे के जरिये लोगों के जीवन को बदलना है, ताकि आम आदमी, किसान, गरीबों को इसका लाभ मिले।
कौन हैं अश्विनी वैष्णव :
आईआईटी कानपुर से एमटेक और 1994 बैच के पूर्व आईएएस अधिकारी अश्विनी वैष्णव ओडिशा से भाजपा सांसद भी रह चुके हैं। अश्विनी वैष्णव ने कई शानदार काम किए हैं। ओडिशा के बालासोर में आए समुद्री तूफान के दौरान राहत पहुंचाने को लेकर वे चर्चा में आए थे। इसके बाद उन्हें अटल बिहारी वाजपेयी के प्रधानमंत्री काल में पीएमओ में डिप्टी सेक्रेटरी बनाया गया था।
Author: AK
! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !



















