
JOIN OUR WHATSAPP GROUP
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का स्टीमर शनिवार को गंगा में जेपी सेतु से टकरा गया। हालांकि घटना में किसी तरह के नुकसान की जानकारी नहीं मिली है। बताया जा रहा है कि नीतीश को मामूली चोटें आई हैं। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार छठ पूजा के पहले पटना में गंगा के घाटों का निरीक्षण करने के लिए गए थे। उनके स्टीमर पर अफसर भी मौजूद थे। बाद में उन्हें दूसरे स्टीमर से किनारे लाया गया। जानकारी के अनुसार पिलर से टकराने से स्टीमर को भी क्षति पहुंची। स्टीमर में सवार सभी लोग अचानक हिल गये। सीएम और उनके साथ मौजूद सभी पदाधिकारी दूसरे स्टीमर से बाहर निकले। उनके साथ एक स्टीमर भी चल रही थी। बाहर निकले सड़क मार्ग से सीएम आवास लौटे। दरअसल, छठ त्यौहार के पहले गंगा नदी में बाढ़ आ जाने की वजह से घाटों पर छठ पूजा करना मुश्किल है। ऐसे में प्रशासन छठ पूजा के लिए विकल्प की तलाश कर रहा है। इसी के मद्देनजर सीएम नीतीश कुमार छठ घाटों का निरीक्षण करने के लिए निकले थे।मुख्यमंत्री ने मौके पर उपस्थित अधिकारियों को छठ घाटों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाने और घाटों की साफ सफाई और लाइटिंग की समुचित व्यवस्था करने का निर्देश अधिकारियों को दिया। इस बार छठ घाटों पर सीसीटीवी के साथ गंगा के जलस्तर को देखते हुए नेट की भी व्यवस्था की जाएगी। इस मौके पर मुख्यमंत्री के साथ जल संसाधन विभाग के मंत्री संजय कुमार झा सहित विभाग के कई अधिकारी मौजूद थे। उल्लेखनीय है कि छठ महापर्व इसी माह 28 से शुरू होगा और 31 अक्टूबर तक चलेगा। छठ महापर्व को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारी शुरू कर दी है। जिला प्रशासन की तरफ से खतरनाक घाटों को चिन्हित किया जा रहा है। जलस्तर बढ़ने के कारण छठ घाटों पर गंगा का पानी है। ऐसे में इस बार छठ पर्व के दौरान विशेष सावधानी बरती जा रही है। गंगा का जलस्तर लगातार बढ़ने के वजह से इस बार घाटों की संख्या में कमी होने की संभावना जतायी जा रही है।


















