(बजट का खुलेगा पिटारा)
इस साल के आखिरी में बिहार में विधानसभा चुनाव होने जा रहे हैं। राजनीतिक दलों ने चुनाव की तैयारी भी शुरू कर दी है । सत्तारूढ़ जेडीयू सरकार के लिए आज का दिन बेहद खास है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार बजट सत्र दौरान आज बजट का पिटारा खोलने जा रहे हैं। विधानसभा चुनाव से पहले यह आखिरी बजट है। ऐसे में उम्मीद लगाई जा रही है कि नीतीश सरकार बजट को लोकलुभावन पेश करेगी । बिहार सरकार का सबसे खास फोकस युवाओं को रोजगार, महिलाओं और किसानों और मध्य वर्ग के लिए कई बड़े एलान किया जा सकते हैं। माना जा रहा है कि चुनावी साल है तो बिहार की जनता के लिए इस बार का बजट काफी खास होगा। शिक्षा, बिजली, स्वास्थ्य, किसान, आर्थिक लाभ सहित कई मुद्दों को देखते हुए बिहार के विकास के लिए खजाना खोला जाएगा।दूसरी ओर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव अपनी यात्रा में बिहार के लोगों के लिए कई योजनाओं की घोषणा कर चुके हैं। उन्होंने 200 यूनिट फ्री बिजली देने की घोषणा भी की है। अब बिहार सरकार निश्चित तौर पर चुनावी वर्ष में बिजली पर सब्सिडी देने की घोषणा कर सकती है। साथ ही वृद्धा पेंशन, विधवा पेंशन में भी इजाफा किया जा सकता है। अभी हर लाभुक को 400 रुपये प्रति माह मिलता है। उम्मीद की जा रही है कि यह 800 से 1000 तक हो सकता है। विधान मंडल में आज नए वित्तीय वर्ष (2025-26) का बजट प्रस्तुत होना है, जिस पर चुनावी वर्ष की एक छाप तो होगी ही। बजट में उन क्षेत्रों पर विशेष फोकस होगा, जिनसे जनता का प्रत्यक्ष वास्ता है। नौकरी-रोजगार के साथ सड़क व दूसरी आधारभूत संरचना के निर्माण, ग्रामीण विकास, कृषि, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के लिए सरकार की ओर से विशेष पहल हो सकती है। नीतीश सरकार महिलाओं के लिए भी अतिरिक्त घोषणा हो सकती है। इन जन-हितैषी पहल के साथ स्थापना व प्रतिबद्ध मद में बढ़ते खर्च के कारण नए वित्तीय वर्ष का बजट 3.15 लाख करोड़ के निकट हो सकता है।
उपमुख्यमंत्री और वित्त विभाग संभाल रहे सम्राट चौधरी आज दूसरी बार बजट पेश करेंगे–
वित्त विभाग का दायित्व संभाल रहे उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के लिए बजट प्रस्तुत करने का यह दूसरा अवसर होगा। वित्त मंत्री सम्राट चौधरी विधानसभा में आज सुबह 11 बजे नीतीश सरकार का बजट पेश करेंगे। बजट को लेकर तमाम सेक्टर से जुड़े बिहार के लोग उम्मीद भरी नजरों से देख रहे हैं। सभी सेक्टरों से जुड़े लोग चाहते हैं कि बजट में खास करके स्वास्थ्य के सेवाओं में काम हो और शहरीकरण की दिशा में ध्यान देने की जरूरत है। वहीं गृहिणी महिलाएं चाहती है कि रसोई से जुड़े सामान की कीमतें न बढ़ें टैक्स कम हो। इसके अलावा सरकार महिलाओं के खाते में हर महीने 2500 रुपए तक की सहायता दें साथ ही वृद्धा पेंशन, विकलांग पेंशन और 200 यूनिट बिजली मुफ्त देने की भी मांग की। वहीं
प्रगति यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने दर्जनों सड़कों और पुल-पुलिया के निर्माण की घोषणा की है। इस कारण पथ निर्माण विभाग के साथ ग्रामीण कार्य विभाग के बजट में वृद्धि तय है। केंद्र की उड़ान योजना के साथ राज्य सरकार अपने स्तर से भी हर जिले में चौबीसों घंटे लैंडिंग वाले हेलीपैड बनाने की घोषणा कर सकती है। व्यापारियों के लिए सिंगल विंडो सिस्टम और कृषि आधारित व्यवसाय में कर पर छूट की घोषणा भी संभावित है। किसानों को सस्ती बिजली निर्बाध मिलती रहेगी और सामाजिक सुरक्षा पेंशन की राशि बढ़ सकती है। जीविका दीदियों के साथ अनुसूचित जाति-जनजाति की महिलाओं के लिए विशेष प्रविधान भी होना है। सरकार की कृपा उन 94 लाख निर्धन परिवारों पर तो होनी ही है, जिन्हें दो लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जानी है। इस बार बजट में इसके लिए कुछ आवंटन संभव है।
Author: AK
! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !












