DW Samachar – Header
ब्रेकिंग

Jehanabad News: मखदुमपुर पोस्ट ऑफिस में चोरी के बाद ठप पड़ा काम, ग्राहकों को हो रही भारी परेशानी

मखदुमपुर थाना के सामने स्थित डाकघर में बीते दिनों हुई चोरी की घटना के बाद से डाकघर का कामकाज पूरी तरह से प्रभावित है। नेटवर्किंग उपकरण चोरी हो जाने के कारण पिछले दस दिनों से पोस्ट ऑफिस में न तो पैसे की निकासी हो रही है और न ही जमा की सुविधा उपलब्ध है, जिससे स्थानीय ग्राहकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

जानकारी के अनुसार, कुछ दिन पूर्व अज्ञात चोरों ने पोस्ट ऑफिस का गेट तोड़कर अंदर प्रवेश किया और कई जरूरी उपकरणों समेत नेटवर्किंग राउटर चोरी कर ले गए। नेटवर्क की सुविधा बाधित होने के कारण डाकघर की तमाम डिजिटल सेवाएं बंद पड़ी हैं।

पोस्ट ऑफिस के पोस्ट मास्टर अर्जुन राम ने बताया कि चोरी हुए नेटवर्किंग राउटर की कीमत करीब डेढ़ लाख रुपये है। नया राउटर खरीदकर पोस्ट ऑफिस में पहुंचा दिया गया है, लेकिन अब तक उसे इंस्टॉल करने वाली तकनीकी टीम नहीं पहुंची है। उन्होंने बताया कि एक-दो दिनों में राउटर इंस्टॉल हो जाएगा, जिसके बाद पोस्ट ऑफिस का सारा कामकाज सामान्य हो जाएगा और ग्राहकों को फिर से सभी सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि डाकघर की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जाए ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। साथ ही चोरों की शीघ्र गिरफ्तारी की भी मांग उठाई जा रही है।

Jehanabad News: Work at Makhdumpur post office halted after theft, customers facing huge problems

AK
Author: AK

! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !

Relates News