जहानाबाद। जिले में आर्थिक विकास, कृषि आधारित उद्योगों, उद्यमिता और औद्योगिक निवेश को बढ़ावा देने के लिए बुधवार को समाहरणालय स्थित सभाकक्ष में इकोनॉमिक टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की गई। जिला पदाधिकारी छिरिङ वाई भूटिया की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में स्थानीय संसाधनों के बेहतर उपयोग, किसानों की आय बढ़ाने और रोजगार के नए अवसर सृजित करने को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए। बैठक में जिले में इन्वेस्टर समिट आयोजित करने की तैयारी करने पर भी जोर दिया गया।
बैठक में हुलासगंज प्रखंड के कोकरसा पंचायत में स्थापित ऑयल मिल के संचालन की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि मिल के लिए आसपास की पंचायतों में तिलहनी फसलों के बीज वितरण का लक्ष्य बढ़ाया गया है। इस पर जिला पदाधिकारी ने ऑयल मिल को सालभर संचालित रखने के लिए तिलहनी फसलों का रकबा बढ़ाने और जिले के अन्य प्रखंडों को भी इससे जोड़ने का निर्देश दिया। साथ ही कृषि उद्यमी किसानों की सूची तैयार करने और रबी मौसम में उर्वरकों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा।फूलों की खेती को बढ़ावा देने के लिए जहानाबाद प्रखंड के अमैन, घोसी प्रखंड के गोलकपुर और मोदनगंज पंचायत में गेंदा फूल की खेती को क्लस्टर के रूप में विकसित करने का निर्देश दिया गया। इसके लिए किसानों के बीच अनुदानित दर पर गेंदा फूल के पौधे वितरित किए जाएंगे।
मत्स्य पालन के क्षेत्र में मखदुमपुर के किसान देवशरण प्रसाद द्वारा की जा रही थ्री लेयर फार्मिंग की भी चर्चा हुई। जिला पदाधिकारी ने उनके फार्म का भ्रमण कर खेती की तकनीक, फोटोग्राफ और अनुभवों पर आधारित वीडियो तैयार करने को कहा, ताकि दूसरे किसान भी इस तकनीक को अपना सकें।
वहीं, जिले में प्रतिदिन करीब 10 से 12 हजार लीटर दूध उत्पादन की जानकारी दी गई। दूध के संग्रहण को बेहतर बनाने के लिए सुधा, अमूल सहित अन्य दुग्ध एजेंसियों के संग्रहण केंद्रों को जिले के मानचित्र पर चिह्नित करने का निर्देश दिया गया।
वित्तीय समावेशन को लेकर आगामी सहयोग शिविर में विशेष अभियान चलाने और संबंधित बैंकों की भागीदारी सुनिश्चित करने को कहा गया। जिले में लघु एवं बड़े उद्योगों की स्थापना और निवेश आकर्षित करने के लिए इन्वेस्टर समिट आयोजित करने की तैयारी करने का निर्देश दिया गया। इसके साथ ही बियाडा को उद्योगों के लिए अधिग्रहित और आवंटित जमीन का सत्यापन कर सूची उपलब्ध कराने को कहा गया।जिला पदाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करते हुए कृषि आधारित उद्योगों, उद्यमिता और रोजगार सृजन को प्राथमिकता देने का निर्देश दिया। बैठक में विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारी और प्रतिनिधि मौजूद रहे।
Jehanabad News: Instructions issued to increase the acreage under oilseed crops—to ensure oil mills can operate year-round—and to develop floriculture in the form of clusters.



















