सायण कुणाल ने कहा- देवराहा बाबा की यह धरती सिद्धभूमि और तपोभूमि, यहां आकर धन्य हुआ
जहानाबाद। जिले के नोआवां गांव में श्री श्री दुर्गा पूजा समिति के तत्वावधान में आयोजित नौ दिवसीय श्रीराम कथा के पांचवें दिन गुरुवार को श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। कथा सुनने के लिए जहानाबाद के अलावा अरवल, गया और पटना सहित विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। सुबह से ही कथा पंडाल में श्रद्धालुओं का जुटना शुरू हो गया था। पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा और जय श्रीराम तथा जय देवराहा बाबा के जयघोष से पंडाल गूंजता रहा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बिहार धार्मिक न्यास परिषद के सचिव एवं महावीर मंदिर न्यास, पटना के सचिव सायण कुणाल शामिल हुए। आयोजन समिति की ओर से उन्हें अंगवस्त्र, माला और श्रीरामचरितमानस भेंट कर सम्मानित किया गया। इस मौके पर सायण कुणाल ने कहा कि देवराहा बाबा की पावन कर्मभूमि नोआवां आकर वे स्वयं को धन्य महसूस कर रहे हैं। यह कोई साधारण गांव नहीं, बल्कि सिद्धभूमि और तपोभूमि है। उन्होंने कहा कि सिद्ध संत देवराहा बाबा ने हिमालय, वृंदावन और मथुरा में समय बिताया, लेकिन उनका बचपन और प्रारंभिक साधना इसी धरती पर हुई थी। यह उनके लिए गौरव की बात है कि जिस संत के दर्शन के लिए देश के बड़े-बड़े नेता पहुंचते थे, उनकी कर्मभूमि में आज श्रीराम कथा का आयोजन हो रहा है और हजारों श्रद्धालु भक्ति भाव से कथा श्रवण कर रहे हैं।
उन्होंने अपने पिता स्वर्गीय आचार्य किशोर कुणाल को याद करते हुए कहा कि उनका सपना था कि मंदिरों में आने वाला चढ़ावा केवल लॉकर में न रहे, बल्कि उसका उपयोग गरीबों और जरूरतमंदों की सेवा में हो। इसी सोच के तहत महावीर मंदिर न्यास की ओर से कई अस्पतालों और सामाजिक संस्थानों का संचालन किया जा रहा है। इनमें महावीर कैंसर संस्थान, महावीर आरोग्य संस्थान, महावीर वात्सल्य अस्पताल और महावीर नेत्रालय सहित अन्य संस्थान शामिल हैं। उन्होंने श्रद्धालुओं से इन संस्थानों के सेवा कार्यों को जानने और उनका सहयोग करने की अपील की। नोआवां में राम बरस रहे हैं : अनुराधा सरस्वती कथा की मुख्य वाचिका अनुराधा सरस्वती ने कहा कि पिछले चार दिनों से वह देख रही हैं कि नोआवां में केवल कथा नहीं हो रही, बल्कि यहां रामभक्ति की धारा बह रही है। महिलाएं सुबह से कथा स्थल पर पहुंचकर बैठ जाती हैं, बुजुर्ग कठिनाइयों के बावजूद कथा सुनने आते हैं और युवा भी अपना काम छोड़कर प्रभु श्रीराम की कथा का श्रवण करते हैं। उन्होंने कहा कि यह गांव सिद्ध संत देवराहा बाबा की कर्मभूमि है और यहां का भक्तिमय वातावरण लोगों को आध्यात्मिक ऊर्जा प्रदान करता है। उन्होंने आचार्य किशोर कुणाल के सेवा कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि उनके द्वारा जलाए गए सेवा के दीप को सायण कुणाल आगे बढ़ा रहे हैं। यह युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने गांव के लोगों को श्रीराम कथा के आयोजन के लिए साधुवाद दिया। कार्यक्रम के अंत में सवर्ण सेना के राष्ट्रीय संयोजक एवं श्री श्री दुर्गा पूजा समिति के सदस्य भागवत शर्मा ने अतिथि सायण कुणाल सहित सभी श्रद्धालुओं और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर समिति के सदस्य नीरज कुमार, सूरज कुमार, शिवशंकर मिश्रा, रविंद्र शर्मा, गणेश कुमार, प्रशांत वत्स, विकास कुमार, राहुल कुमार सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे। पंचायत समिति सदस्य पंकज कुमार, पैक्स अध्यक्ष योगेंद्र शर्मा और मुखिया प्रतिनिधि रामलगन ठाकुर सहित कई जनप्रतिनिधियों ने भी कार्यक्रम में भाग लिया।
Jehanabad News: Thousands of devotees flock to Noawan—the place where Devraha Baba carried out his spiritual work—to listen to the Shri Ram Katha.



















