भाजपा की जिला कमिटी में उपेक्षा से नाराज़ समाज, किया बहिष्कार का ऐलान
जहानाबाद भारतीय जनता पार्टी की जिला कमिटी में तेली साहु समाज को प्रतिनिधित्व नहीं दिए जाने के खिलाफ आज जहानाबाद साहु धर्मशाला में भारी आक्रोश देखने को मिला। समाज के लोगों ने पूर्व भाजपा नेताओं की अगुवाई में बैठक आयोजित कर पार्टी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया।
बैठक की अध्यक्षता भाजपा के पूर्व जिला उपाध्यक्ष श्री दामोदर प्रसाद ने की, जिसमें वक्ताओं ने भाजपा पर जातिगत पक्षपात का आरोप लगाया। समाज के लोगों ने कहा कि जिस भाजपा को तेली समाज ने जन्मजात समर्थन दिया, आज वही पार्टी समाज को दरकिनार कर रही है।
पूर्व नगर उपाध्यक्ष अंकित कुमार गुप्ता ने कहा, “भाजपा जिसे कर्मप्रधान पार्टी समझा जाता था, वह भी अब कांग्रेस और राजद की तरह जातिवादी हो गई है। पिछले कार्यकाल में तेली समाज से दो उपाध्यक्ष थे, लेकिन इस बार एक भी प्रतिनिधि नहीं। यदि भाजपा में तेली के लिए कोई जगह नहीं, तो तेली के दिल में भी भाजपा के लिए कोई जगह नहीं।”
उन्होंने यह भी ऐलान किया कि समाज अब रोड शो और जनजागरण अभियान के माध्यम से भाजपा का पूर्ण बहिष्कार करेगा और विकल्पों पर विचार करेगा। साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि “यदि भाजपा ने अपनी रीढ़ की हड्डी को तोड़ दिया, तो पार्टी बैसाखियों के सहारे भी नहीं चल पाएगी।”
बैठक में अन्य प्रमुख वक्ताओं में धर्मेंद्र कुमार (पूर्व वार्ड अध्यक्ष, वार्ड-23), नित्यानंद गुप्ता, नितेश साहु उर्फ मोनू, राजू कुमार समेत समाज के कई गणमान्य सदस्य शामिल थे। सभी ने एक स्वर में कहा कि भाजपा की नीतियां यदि नहीं बदली गईं, तो आने वाले दिनों में पार्टी को तेली समाज के व्यापक विरोध का सामना करना पड़ेगा।
यह विरोध न केवल भाजपा के लिए एक गंभीर संदेश है, बल्कि यह भी दर्शाता है कि अन्याय और उपेक्षा के विरुद्ध समाज अब चुप बैठने वाला नहीं है।
Jehanabad News: Teli Sahu community protested against BJP, said- “If there is no Teli in the heart of BJP, then there is no BJP in the heart of Teli too”
Author: AK
! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !












